जयपुर

जयपुर नगर निगम ने 8 जोनों के कर्मचारियों पर की बड़ी कार्रवाई, सफाई में कोताही बरतने पर लिया एक्शन

नगर निगम जयपुर ने शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्ती दिखाई है। आयुक्त गौरव सैनी के निर्देश पर 25 से अधिक सफाई कार्मिकों व कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षकों के खिलाफ 17 सीसीए के तहत चार्जशीट जारी की गई। देर रात निरीक्षण के दौरान कई जोनों में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

2 min read
Mar 04, 2026
Jaipur Municipal Corporation Takes Major Action Against Staff in 8 Zones Over Sanitation Lapses
4 घंटे सड़कों पर रहे आयुक्त गौरव सैनी (फोटो- पत्रिका)

Jaipur News: जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम जयपुर ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त गौरव सैनी के निर्देश पर विभिन्न जोनों में लापरवाही बरतने वाले 25 से अधिक सफाई कार्मिकों एवं कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षकों के विरुद्ध 17 सीसीए के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए चार्जशीट जारी की गई है।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई भी कर्मचारी अपने दायित्वों की अनदेखी करता है या शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी जोन अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, क्षेत्रवार मॉनिटरिंग और समयबद्ध शिकायत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

देर रात 4 घंटे सड़कों पर रहे आयुक्त

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम जयपुर के आयुक्त ने सोमवार देर रात करीब चार घंटे तक विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। रात्रिकालीन सफाई, मैकेनाइज्ड स्वीपिंग, अतिक्रमण और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का मौके पर जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुक्त ने निरीक्षण की शुरुआत टोंक रोड से की। इसके बाद स्टैच्यू सर्कल, अंबेडकर सर्कल, रामबाग सर्कल और सवाई मानसिंह अस्पताल क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां चल रही मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों के कार्य को परखा गया।

जहां-जहां कचरे के ढेर नजर आए, वहीं से संबंधित अधिकारियों को फोन कर तुरंत सफाई करवाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अस्थाई रूप से लगाई गई दुकानों के आसपास फैली गंदगी पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। विजिलेंस टीम को मौके पर बुलाकर अतिक्रमण हटवाया गया तथा संबंधितों से केरिंग चार्ज वसूलने के निर्देश दिए।

  • निगम की टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक दुकान पर डस्टबिन रखें और दुकान के आसपास की सफाई उनकी जिम्मेदारी है।
  • चारदीवारी क्षेत्र में अवैध बैनर-पोस्टर लगे मिलने पर भी आयुक्त ने आपत्ति जताई और तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
  • इसके बाद जल महल क्षेत्र में सूख रहे पेड़ों एवं उद्यान व्यवस्था की समीक्षा की गई और उपायुक्त (उद्यान) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
  • आयुक्त ने छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और चांदपोल क्षेत्र का पैदल दौरा कर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पशु प्रबंधन की स्थिति देखी।
  • निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
  • मुख्य मार्गों और चारदीवारी के कुछ स्थानों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को मौके पर ही ठीक कराने तथा आवश्यकता होने पर नई लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।

इन जोनों में कार्रवाई

  • आदर्श नगर जोन (वार्ड 126, 127): आवंटित वार्डों में बार-बार निर्देशों के बावजूद कचरे के ढेर पाए जाने और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर दो कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षकों के विरुद्ध 17 सीसीए कार्रवाई।
  • मुरलीपुरा जोन: तीन सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई।
  • हवामहल-आमेर जोन: चार कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई।
  • झोटवाड़ा-वैशाली नगर जोन: दो सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई।
  • मालवीय नगर जोन: दो कार्मिकों पर कार्रवाई।
  • सिविल लाइन जोन: एक कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई।
  • मानसरोवर जोन: दो सफाई कार्मिकों पर कार्रवाई।
  • सांगानेर जोन: चार सफाई कार्मिकों एवं एक कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षक पर 17 सीसीए के तहत कार्रवाई।
Updated on:
04 Mar 2026 08:53 am
Published on:
04 Mar 2026 08:52 am