
बालोतरा में सड़क हादसा। फोटो पत्रिका
जयपुर। राजस्थान में मंगलवार को चार हादसों में चार परिवारों पर कहर टूटा। बारां जिले के छबड़ा में बच्चे को बचाने के प्रयास में चार परिजन नदी में डूब गए। वहीं बालोतरा में काम के लिए निकले चार सगे भाइयों की मौत हो गई। जयपुर में टैंकर ने मां-बेटे को कुचल दिया तो पाली में अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर खाई में पलटने से जीजा-साली की मौत हो गई।
बालोतरा जिले के पाटोदी क्षेत्र में कार और रोडवेज बस की भिड़ंत में चार सगे भाइयों की मौत हो गई। कोडूका निवासी उदाराम (35), रेखाराम (33), जोगाराम (28) और विशनाराम पुत्र भंवरलाल मेघवाल कार से कालेवा की ओर जा रहे थे कि परेऊ-गिड़ा की ओर से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोडवेज बस कार को करीब 200 फीट तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला और निजी वाहनों एवं एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उदाराम और रेखाराम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर घायल जोगाराम और विशनाराम को बालोतरा नाहटा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
परिजन ने पचपदरा थाने में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि बस चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आया और कार को टक्कर मार दी। चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों, समाज के लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
जयपुर के सीकर रोड स्थित नींदड़ मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मूलत: झुंझुनूं के उदयपुरवाटी और वर्तमान में हरमाड़ा के मनसा माता नगर निवासी संगीता कंवर और उनके 17 वर्षीय बेटे सूर्यप्रताप सिंह की मौत हो गई। ट्रेलर के कुचलने से मां का सिर धड़ से अलग होकर कुछ दूरी पर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर मां का दिल कुछ मिनट तक धड़कता रहा।
प्रत्यक्षदर्शी सुरेन्द्र चौधरी ने बताया कि हादसे के बाद अन्य लोगों के साथ दौड़कर मौके पर पहुंचे। मां-बेटे के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे। सड़क पर पड़े दिल की धड़कन देखकर कई लोगों की आंखों से आंसू निकल आए।
संगीता कंवर इकलौते बेटे सूर्यप्रताप (17) के साथ रह रही थी, जबकि पति विजय सिंह मैसूर में काम करते हैं। संगीता नींदड़ के पास गारमेंट फैक्टरी में काम करती थीं। मकान मालिक रविन्द्र सिंह व परिजनों ने बताया कि संगीता ने पिछले वर्ष बेटे की इच्छा पर बाइक खरीदी थी। स्कूल की छुट्टियां होने के कारण सूर्यप्रताप उसे को फैक्टरी छोड़ने जाता था। सुबह 8:50 बजे सूर्य बाइक लेकर रवाना हुआ और थोड़ी देर बाद हादसा हो गया।
बारां जिले में शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं, जब पांच साल के मासूम को बचाने के प्रयास में एक ही परिवार के ही चार लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। छबड़ा क्षेत्र के गुगोर गांव में मंगलवार को इफ्तियार अली की बेटी की शादी थी। घर में मेहमानों की आवाजाही और खुशियों का माहौल था। शादी में शामिल होने आए छीपाबड़ौद निवासी गुड्डी बाई (47) पत्नी रशीद खां, बेटा सलाम (22), पोता समीर (5), गुना निवासी उनके नवासे अरमान (17) और यूनुस (18) पार्वती नदी पर नहाने गए थे।
नहाने के दौरान समीर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। दादी गुड्डी बाई पोते को बचाने उतरी तो बेटे सलाम ने भी मां के पीछे नदी में छलांग लगा दी। दोनों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी गहराई में डूबने लगे। उन्हें बचाने अरमान और यूनुस भी पानी में उतर गए। पास मौजूद अन्य लोगों ने समीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसे बचाने गए दादी, पिता और दो फुफेरे सगे भाइयों की जान चली गई। चार जनों की मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया।
पाली के सदर थाना क्षेत्र के पाली-जोधपुर हाईवे स्थित मंडिया बायपास पर सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जीजा-साली की मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, दूसरी लेन में पहुंच गई और फिर खाई में गिरकर पलट गई।
सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने बताया कि जोधपुर निवासी आनंद कुमार जीनगर (66) पुत्र हजारीलाल जीनगर अपनी पत्नी आशा जीनगर (62) और साली संतोष खत्री (55) पत्नी डॉ. पवन कुमार के साथ सुबह करीब छह बजे कार से सिरोही के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब सात बजे मंडिया बाइपास पुलिया से लगभग एक किलोमीटर आगे उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर दूसरी लेन में पहुंचकर सड़क किनारे खाई में गिर गई और पलट गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कार चालक आनंद कुमार जीनगर और संतोष खत्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल आशा जीनगर को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया।
Published on:
16 Jun 2026 08:56 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
