जयपुर

जयपुर मर्डर मिस्ट्री: कंबल में लिपटा मिला 75 साल के बुजुर्ग का शव, हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने का शक

Jaipur murder case: जयपुर के सांगानेर सदर इलाके में 75 साल के जगदीश का शव कंबल में लिपटा मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
2 min read
• •
Aug 20, 2026
Jaipur Murder News
Jaipur Murder News (Ai Generated Image)

राजधानी जयपुर में एक बुजुर्ग का शव सुनसान इलाके में कंबल में लिपटा मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की हालत को देखने के बाद पुलिस ने मौके पर जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। साथ ही पुलिस ने शव की पहचान भी कर ली। शुरुआती जांच में पुलिस को यह एक मर्डर लग रहा है और पुलिस इस केस की गुत्थी सुलझाने के लिए मामले की जांच में जुट चुकी है।

सुबह सुनसान जगह कंबल में मिला शव

सांगानेर सदर थाना इलाके में गुरुवार सुबह सुनसान जगह पर कंबल में लिपटा शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव करीब 75 साल के बुजुर्ग का था। उसकी बॉडी डिकंपोज हो चुकी थी और मौके पर बदबू भी आ रही थी। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसके कई दिन पुराना होने की संभावना जताई है। इसके बाद मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच करवाई गई।

शुरुआती जांच में कहीं और हत्या का शक

मौके से मिले शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि बुजुर्ग की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए सुनसान इलाके में फेंका गया। सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े तथ्यों को सामने लाने की कोशिश की जा रही है।

75 साल के जगदीश के रूप में हुई पहचान

पुलिस के अनुसार शव की पहचान 75 साल के जगदीश के रूप में हुई है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जगदीश कब और किन परिस्थितियों में घर से लापता हुए थे। इसके लिए उनके परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद मामले से जुड़े कुछ और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब उस जगह तक पहुंचने वाले रास्तों के CCTV फुटेज खंगाल रही है, जहां जगदीश का शव मिला। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शव को वहां कौन लेकर आया था। पुलिस फुटेज के जरिए संदिग्ध लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और शव को वहां फेंकने वालों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Updated on:
20 Aug 2026 12:50 pm
Published on:
20 Aug 2026 12:50 pm