जयपुर

जयपुर: ‘पापा मैंने नहीं मारा…’ महेश मर्डर केस में आरोपों के बीच कविता का वीडियो आया सामने, वारदात को लेकर दी सफाई

Kavita Meena Statement: जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में महेश मीणा मर्डर केस में आरोपी पत्नी कविता मीणा की एक वीडियो सामने आई है। उसमें कविता ने खुद को निर्दोष बताते हुए घटना को लेकर अपनी बात रखी है।
2 min read
Aug 20, 2026
accused kavita viral video
महेश मर्डर मामले में कविता का एक वीडियो आ रहा चर्चा में (Photo- Social Media)

जयपुर में महेश मीणा मर्डर मामले को लेकर आरोपी पत्नी कविता मीणा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कविता 5 अगस्त को हुई घटना को लेकर सफाई देती नजर आ रही है। उस वीडियो में कविता का कहना है कि उसने अपने पति महेश को कुछ नहीं खिलाया और न ही उसने उसे मारा। इसके अलावा वीडियो में घटना को लेकर वह अपना बयान बदलती भी नजर आई।

वीडियो में कविता का क्या है कहना?

वीडियो में कविता सफाई देते हुए कहती नजर आ रही है कि उसने गणेश को नहीं बुलाया था। उसका दावा है कि उसके पास फोन भी नहीं था। जब उससे पूछा गया कि क्या महेश को किसी ने कुछ खिलाया था, तो कविता ने कहा कि उसे इस बारे में पता नहीं है, वह तो उसके बगल में बैठी थी और महेश बाकी तीन लोगों के साथ था। कविता ने यह भी कहा कि वह गणेश के अलावा उन दो युवकों को भी नहीं जानती, जो मामले में सामने आए हैं।

कविता का कहना है कि वह दवाई लेने के लिए गई थी। हालांकि, जब उससे दवाई दिखाने के लिए कहा गया तो उसने बताया कि वह दवाई लेकर आई ही नहीं थी। इसके अलावा उसने मंदिर जाने की बात भी कही है।

कौन है गणेश?

गणेश शिवदासपुरा के मीणों का मोहल्ला निवासी है। पुलिस के अनुसार कविता और गणेश के बीच शादी से करीब 6-7 साल पहले से प्रेम संबंध था। कविता के परिवार वाले दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थे, जिसके बाद करीब डेढ़ साल पहले कविता की शादी महेश मीणा से कर दी गई। पुलिस जांच के अनुसार, शादी के बाद भी कविता और गणेश के बीच संपर्क बना रहा। इस मामले में पुलिस ने गणेश को कविता के साथ गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में 5 अगस्त को महेश मीणा की मौत का मामला सामने आया था। जानकारी के अनुसार उसकी पत्नी कविता मीणा उसे दवाई दिलाने के बहाने बाइक से बोराज लेकर गई थी। बोराज के पास ही कविता का पीहर है, जहां से लौटते समय उसने एक जगह जूस पिलाने के बहाने बाइक रुकवाई। आरोप है कि कविता ने जूस में कुछ मिलाकर महेश को पिला दिया, जिसके बाद महेश की तबीयत खराब हो गई।

उसके बाद उसने अपने प्रेमी गणेश मीणा को बुलाया और जानबूझकर महेश को बाइक पर इधर-उधर घुमाती रही। बाद में 14 नंबर पहुंचकर कविता ने महेश के भाई मनीष को फोन कर उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी। मनीष उसे रोड नंबर 6 स्थित सीकेएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक के पिता बाबूलाल मीणा ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में लगी हुई है।

Updated on:
20 Aug 2026 03:17 pm
Published on:
20 Aug 2026 01:45 pm