
Jaipur Crime: जयपुर में 27 साल के युवक की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पिता ने 12 दिन बाद सबूत जुटाकर मामले में बड़ा खुलासा किया है। पिता बाबूलाल मीणा ने खुद CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस को सबूत सौंपे हैं। उन्होंने अपनी बहू कविता पर बेटे महेश को मारने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि घटना वाले दिन कविता अकेली नहीं थी, बल्कि तीन युवक उसके साथ थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बाबूलाल के अनुसार, 5 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे महेश अपनी पत्नी को दवा दिलाने बाइक से बगरू के बोराज गया था। शाम होने तक भी वे लोग घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता होने लगी। उसके बाद करीब 5 बजे महेश के छोटे भाई मनीष को कविता ने फोन किया। परिवार के अनुसार फोन पर कविता ने मनीष को बताया कि वे रास्ते में हैं और जल्दी ही घर पहुंच जाएंगे। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर महेश की तबीयत खराब होने की जानकारी दी और मनीष को विश्वकर्मा की 14 नंबर पुलिया के पास बुलाया। मनीष अपनी छोटी बहन संतोष के साथ करीब 20 मिनट बाद वहां पहुंचा। वहां बाइक पास खड़ी थी और महेश सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ा था। उसे तुरंत सीकर रोड स्थित CKS हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल सूचना मिलने के बाद विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने 5 अगस्त को ही पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया था। शुरुआती तौर पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। उस समय परिवार को भी महेश की मौत की वजह को लेकर पूरी तरह स्पष्ट जानकारी नहीं थी।
बता दें, मृतक मल्होत्रा नगर का रहेन वाला था और वह विश्वकर्मा इलाके की एक लोहे की चद्दर बनाने वाली कंपनी में काम करता था। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी शिवदासपुरा निवासी कविता मीणा से हुई थी।
बाबूलाल के अनुसार, जब परिवार ने कविता से महेश के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह पति के साथ अपने पीहर गई थी। श्याम नगर में 200 फीट चौराहे के पास अचानक महेश की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। कविता ने बताया कि उसने महेश को बाइक पर पीछे बैठाकर खुद से बांध लिया था और घर लेकर आ रही थी। 14 नंबर पुलिया के पास महेश की हालत ज्यादा खराब हो गई तो कविता ने बाइक रोककर उसे सड़क किनारे लिटा दिया।
महेश की मौत के करीब 12 दिन बाद उसके पिता बाबूलाल ने मामले को अपने स्तर पर खंगालना शुरू किया। उन्होंने घटना वाली जगह और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटाई। बाबूलाल का दावा है कि फुटेज में पत्नी की बताई कहानी से अलग तस्वीर सामने आई। फुटेज में कविता अकेले बाइक चलाते हुए नहीं दिखी। आरोप है कि वह तीन युवकों के साथ दो बाइकों पर मौके तक पहुंची थी और महेश को उनमें से कुछ लोग बेसुध हालत में लेकर आए थे।
बाबूलाल के अनुसार, फुटेज में एक बाइक पर कविता किसी परिचित के साथ पीछे बैठी दिखाई दी। वहीं एक दूसरी बाइक पर दो युवक महेश को बीच में बैठाकर ला रहे थे। पिता का आरोप है कि कविता ने मनीष के पहुंचने से पहले उन तीनों युवकों को वहां से भेज दिया। फुटेज के आधार पर पहचान की कोशिश के बाद बाबूलाल ने इन लोगों के नाम गणेश, अजय मीणा और गोलू प्रजापत बताए हैं। इनमें गणेश को कविता का बॉयफ्रेंड बताया गया है।
बाबूलाल मीणा ने 16 अगस्त की शाम विश्वकर्मा थाने में बेटे की हत्या का मामला दर्ज कराया। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते कविता, उसके कथित बॉयफ्रेंड गणेश और अजय मीणा व गोलू प्रजापत ने मिलकर महेश की हत्या की साजिश रची और उसे मार दिया। हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल जांच का हिस्सा हैं। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस तथ्यों और आरोपों की पुष्टि कर रही है।