
जयपुर। करधनी के जगदम्बा नगर में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या के पीछे सात साल पुरानी रंजिश सामने आई है। विजय खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। उसने गांव में अपने पोस्टर भी लगवा दिए थे। इसी बीच पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाई गई '7007 गैंग' ने उसकी हत्या की साजिश रच दी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनीश गोल्या उर्फ जग्गू ने अपने चचेरे भाई और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बुधवार रात वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने गुरुवार सुबह चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) निवासी जोबनेर शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 में जोबनेर इलाके में विजय बाजिया और उसके साथियों पर अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या का आरोप था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी। पिता की हत्या का बदला लेने के लिए अनीश ने साथियों के साथ मिलकर '7007 गैंग' बनाई और विजय को निशाना बनाने की योजना तैयार की।
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन विजय और अनीश के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने विजय की गाड़ी का पीछा किया। जगदम्बा नगर में कैम्पर से उसकी लग्जरी गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और फिर उस पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में विजय की मौत हो गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात के दिन ही कुल्हाड़ी खरीदी थी। हत्या के बाद चारों आरोपी करधनी इलाके में ही छिपे रहे। गुरुवार सुबह करीब चार बजे पुलिस ने सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल कैम्पर भी जब्त कर ली गई है।
मुख्य आरोपी अनीश बीटेक पास है और पांच महीने पहले तक जयपुर की एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस के अनुसार, उसने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात की योजना बनाई थी। गिरफ्तार आरोपियों में से अनीश, कमलेश और दिनेश के हाथ पर '7007 गैंग' के टैटू बने हुए हैं। पुलिस गैंग की गतिविधियों और आरोपियों के आपसी संपर्कों की भी जांच कर रही है।
वारदात के दौरान एक व्यक्ति ने छत से घटनाक्रम का वीडियो बनाया। डीसीपी प्रशांत किरण ने उसकी सराहना करते हुए बताया कि उसने आरोपियों को रोकने और वहां से हटाने का प्रयास भी किया। पुलिस के अनुसार, यह वीडियो घटनाक्रम को समझने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में हत्या के दो मामलों सहित कुल 15 मुकदमे दर्ज थे। वह करीब दस साल से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और कई गैंगों से उसके संपर्क बताए जाते थे। पिछले कुछ समय से वह कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था। उस पर पहले भी कई बार हमले हो चुके थे।
इसके बावजूद विजय ने खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी थी। उसने गांव में पोस्टर भी लगवाए थे। हालांकि, उसकी आपराधिक छवि और मुकदमों के चलते ग्रामीणों ने उसे चुनाव मैदान में उतरने नहीं दिया। अब पुलिस इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश और '7007 गैंग' की भूमिका की पड़ताल कर रही है।