
Jaipur Nagar Nikay Re-poll Result : पुनर्मतदान में जयपुर नगर निगम के चार वार्डों में कांग्रेस ने विजय दर्ज की है। इस जीत के बाद जीत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि जयपुर नगर निगम के चार वार्डों में पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस की जीत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कथित प्रचंड बहुमत की हवा निकाली दी हैं।
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा के कथित "प्रचंड बहुमत" की सच्चाई आज जयपुर की जनता ने फिर सामने रख दी। उन्होंने कहा, जयपुर शहर के जिन चार वार्डों 9, 18, 25 और 34 में पुनर्मतदान कराया गया वहां कांग्रेस ने चारों सीटें जीत लीं। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल को राजस्थान की जनता को जवाब देना चाहिए.. यह कैसा "प्रचंड बहुमत" है, जिसमें पुनर्मतदान में चारों पार्षद कांग्रेस के जीते। मशीनों में तकनीकी खराबी बता कर पुनर्मतदान कराया, जिसमें भी जनता ने आपको नकार दिया। बेईमानी की सारी कलई खोल कर रख दी! असल में तकनीकी खराबी नहीं, आपकी नियत ही ख़राब थी।
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि निर्वाचन आयोग को पहले ही पता था कि कांग्रेस जीत रही है, इसलिए इन वार्डों में भाजपा सरकार के इशारे पर तकनीकी खराबी बता कर परिणाम घोषित नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने जनादेश लूटने के लिए मशीनरी और सत्ता का दुरुपयोग किया। निर्वाचन आयोग को कठपुतली बनाकर परिणाम बदलने की कोशिशें की लेकिन पुनर्मतदान में साफ़ हो गया कि जनता ने पहले भी कांग्रेस को ही वोट दिया था और दोबारा भी कांग्रेस को ही चुना है।
गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुनर्मतदान के परिणाम ने भाजपा के कथित प्रचंड बहुमत की पूरी तरह हवा निकाल दी। अब स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ने सत्ता के दुरुपयोग प्रदेश में कई जगह-जगह बेईमानी से जनादेश लूटा है। डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि अब बोर्ड बनाने में भी भाजपा पुलिस-प्रशासन के इस्तेमाल और निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाकर कुर्सी पर काबिज होना चाहती है।
राजस्थान में विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने जयपुर निकाय उपचुनाव के चार वार्डों में पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस की जीत के बाद अलवर में भाजपा पर गुरुवार को तीखा हमला बोलते हुए दावा किया है कि इन परिणामों से स्पष्ट है कि कांग्रेस के मत प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है, जबकि भाजपा के मतों में गिरावट आई है।
टीकाराम जूली ने कहा कि जिन शहरी क्षेत्रों को भाजपा अपना मजबूत राजनीतिक गढ़ मानती है, वहां कांग्रेस और भाजपा के बीच करीब बराबरी का मुकाबला देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि निकाय उपचुनाव के नतीजे राज्य की मौजूदा सरकार के कामकाज को लेकर जनता की नाराजगी को दर्शाते हैं। कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है और चुनाव परिणामों ने पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है।
टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर राज्य की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के कई हिस्सों में बारिश की कमी के कारण अकाल जैसी परिस्थितियां बन रही हैं। वहीं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ क्षेत्र में किसान अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार का इन गंभीर मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं है।
बिजली और पानी के संकट को लेकर भी सरकार को घेरते हुए टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि राज्य के कई इलाकों में जनता बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। रोजाना लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं। सरकार को राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के बजाय राज्य की जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
टीकाराम जूली ने कहा कि सरकार को चुनाव, तानाशाही और दादागिरी की राजनीति छोड़कर राज्य के किसानों, आमजन और युवाओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायती राज चुनावों में जनता इन मुद्दों को लेकर अपना फैसला सुनाएगी।