जयपुर

जयपुर: पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर करोड़ों की डकैती डालने वाला बदमाश अरेस्ट, भोपाल का डकैत रच रहा था नई साजिश

राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा थाना पुलिस ने भोपाल में करोड़ों की डकैती के वांछित आरोपी शाहरूख कुरैशी (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, उसने साथियों संग डकैती से पहले पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर शांत किया था और जयपुर में नई वारदात की साजिश रच रहा था।
2 min read
Jul 22, 2026
Jaipur Crime
पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर करोड़ों की डकैती डालने वाला बदमाश जयपुर में गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)

Jaipur Crime: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई करोड़ों रुपए की सनसनीखेज डकैती के मामले में वांछित एक शातिर बदमाश को जयपुर में झोटवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया है। पकड़ा गया बदमाश वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था और जयपुर में छुपकर अपने अन्य साथियों के साथ किसी नई बड़ी वारदात की साजिश रच रहा था।

किराए के कमरे में काट रहा था फरारी

झोटवाड़ा थानाधिकारी रायसल सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बदमाश की पहचान शाहरूख कुरैशी (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नांगल पुलिया, झोटवाड़ा का निवासी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि भोपाल डकैती का मुख्य आरोपी झोटवाड़ा क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर फरारी काट रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।

बता दें कि शाहरूख एक पेशेवर और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और डकैती समेत करीब आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है।

मांस खिलाकर शांत किए थे पालतू कुत्ते

भोपाल पुलिस के अनुसार, गत 26 दिसंबर 2025 को आरोपी ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर भोपाल के एक पॉश रिहायशी इलाके में हथियारों की नोक पर करोड़ों की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने बेहद शातिराना अंदाज में डकैती की साजिश रची थी। घर में घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद खूंखार पालतू कुत्तों को मांस के टुकड़े खिलाकर शांत कर दिया। इसके बाद बेखौफ होकर हथियारों के बल पर गृहस्वामियों को बंधक बनाया और करोड़ों का माल समेटकर फरार हो गए थे।

जयपुर में नई वारदात की रच रहा था साजिश

जयपुर पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि शाहरूख अपने अन्य फरार साथियों को जयपुर बुलाकर किसी बड़े व्यापारी या रिहायशी मकान में फिर से वैसी ही वारदात अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल, पुलिस आरोपी से अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है और भोपाल पुलिस को भी उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।

Updated on:
22 Jul 2026 09:35 pm
Published on:
22 Jul 2026 09:35 pm