Jaipur News: जयपुर के मानसरोवर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू हो गई है। 7 दिवसीय इस भव्य आयोजन में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जहां सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
Jaipur News: जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का शुभारंभ शुक्रवार से हो गया। कथा की शुरुआत शिव स्तुति के साथ हुई, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में श्रद्धालु केवल कथा सुनने ही नहीं, बल्कि भगवान शिव से अपने मन की बात कहने के भाव से शामिल हो रहे हैं।
प्रदीप मिश्रा ने अपने प्रवचन में कहा कि शिव महापुराण केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि उसे महसूस करने की अनुभूति है। उन्होंने यह भी कहा कि कथा के दौरान भोलेनाथ भक्तों की परीक्षा लेते हैं और आस्था की शक्ति को परखते हैं।
आयोजन स्थल पर करीब 4 लाख स्क्वायर फीट में विशाल वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है। इसमें लगभग 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पिछले कई दिनों से 400 से अधिक कारीगर इस व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा, पेयजल, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कथा स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। खासतौर पर चेन स्नेचिंग करने वाली गैंग पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने पहले ही कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। प्रदीप मिश्रा ने भी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे महंगे आभूषण पहनकर न आएं और सादगी के साथ कथा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि भगवान शिव केवल भक्त का भाव देखते हैं, न कि बाहरी दिखावा।
कथा के दौरान प्रदीप मिश्रा ने जीवन मूल्यों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इंसान को सही कर्म करना चाहिए और बुराइयों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने चोरी और लालच को गलत बताते हुए कहा कि चोरों का कभी विकास नहीं होता। कथा 20 मार्च से 26 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है। कथा का समय दोपहर में है, जिसमें शुरुआती दिनों (20-21 मार्च) में यह 1:00 बजे से 4:00 बजे तक और 22 से 26 मार्च तक दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक होने की जानकारी है।
भीड़ को देखते हुए मानसरोवर क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। वीटी रोड और अरावली मार्ग पर पार्किंग बंद कर दी गई है। शिप्रापथ रोड और मध्यम मार्ग पर सीमित पार्किंग की अनुमति है। आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे न्यू सांगानेर रोड का उपयोग करें, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। वीआईपी वाहनों की एंट्री केवल अरावली मार्ग से दी जा रही है।