जयपुर

Rajasthan : प्रेम प्रसंग में गर्भवती महिला की हत्या, शव को तिरपाल और कट्टों में छिपाया, पति-प्रेमिका गिरफ्तार

Jaipur Pregnant Woman Murder : जयपुर जिले के माधोराजपुरा निकटवर्ती दोसरा गांव में गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के पति और उसकी कथित प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Jun 11, 2026
pregnant woman murder case
मौके पर पुलिस और ग्रामीण। फोटो पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। जयपुर जिले के माधोराजपुरा निकटवर्ती दोसरा गांव में गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के पति और उसकी कथित प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के चलते रची गई साजिश के तहत महिला की हत्या कर शव को घर में ही छिपा दिया गया था। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा एवं वृत्ताधिकारी अनिल कुमार डोरिया के सुपरविजन में थानाधिकारी रणधीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर मृतका के पति शंकरलाल और उसकी परिचित भावना से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मामले का खुलासा हो गया।

चाय के बहाने बुलाया, फिर रची मौत की साजिश

पुलिस के अनुसार आरोपी भावना ने पूछताछ में बताया कि उसका शंकरलाल के साथ प्रेम संबंध था। इसी कारण उसने शंकरलाल की पत्नी सम्पत देवी को अपने घर चाय पीने के बहाने बुलाया। वहां उसे पानी में नशीली दवा मिलाकर पिला दी गई। महिला के अचेत होने पर उसके सिर पर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से वार कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद भावना ने शंकरलाल को बुलाया और दोनों ने मिलकर शव को प्लास्टिक के तिरपाल में लपेटकर कट्टों से ढक दिया तथा घर में ही छिपा दिया।

लापता होने से शुरू हुई जांच, हत्या तक पहुंची पुलिस

मामले में मृतका के जेठ गोवर्धन गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि गर्भवती सम्पत देवी 9 जून को घर पर थी। बाद में वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जांच के दौरान सामने आया कि उसे पड़ोस में रहने वाली भावना अपने घर ले गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की और हत्या का खुलासा हो गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने मामले में शंकरलाल (28) पुत्र प्रभुनारायण गुर्जर निवासी दोसरा तथा भावना (23) पुत्री गणेश जाट को गिरफ्तार कर लिया है।

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद दोसरा गांव की खातियों की ढाणी में शोक का माहौल है। मृतका की गर्भावस्था और हत्या की परिस्थितियों ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया। लोगों की आंखें नम नजर आईं और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा बनी रही।

Published on:
11 Jun 2026 08:53 pm