जयपुर

Fact Check: ‘आप जानबूझकर टारगेट कर रहे हैं’, क्यों वायरल हो रहा दिया कुमारी और IAS शिखर अग्रवाल की बहस का पुराना वीडियो?

Viral Video Fact Check | उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और आईएएस शिखर अग्रवाल की तीखी बहस का 2016 का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर वायरल। जानिए 8 साल पुराने राजमहल पैलेस विवाद का पूरा सच।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 2:13 PM IST
दिया कुमारी से बहस करते शिखर अग्रवाल की पुरानी तस्वीर
दिया कुमारी से बहस करते शिखर अग्रवाल की पुरानी तस्वीर

विला खरीद प्रकरण में फंसे सीनियर आईएएस शिखर अग्रवाल इन दिनों मीडिया और सोशल मीडिया पर सुर्ख़ियों में बने हुए हैं। इस विवाद के बीच अब एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शिखर अग्रवाल तत्कालीन भाजपा विधायक (और वर्तमान उपमुख्यमंत्री) दीया कुमारी से बहस करते दिख रहे हैं।  

फैक्ट चेक से पता चलता है कि एक मिनट 7 सेकंड का ये वायरल वीडियो करीब 10 साल पहले का है, जब शिखर अग्रवाल जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त और दिया कुमारी भाजपा विधायक थीं। उस वक्त दोनों के बीच गरमा-गर्मी की वजह बनी थी पूर्व राजघराने की संपत्ति राजमहल पैलेस होटल।

कब और कहां का है वीडियो?

समय: यह घटना 24 अगस्त 2016 की सुबह की है।

स्थान: जयपुर स्थित पूर्व राजपरिवार की संपत्ति राजमहल पैलेस होटल का मुख्य द्वार। 

वीडियो में क्या बातें और बहस हो रही है?

बता दें कि तत्कालीन जेडीसी शिखर अग्रवाल के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ दस्ता भारी पुलिस फ़ोर्स, अफसरों के लवाजमे और संसाधनों के साथ राजमहल पैलेस होटल पहुंचा था। प्रशासन को इस होटल परिसर के दायरे में आ रही करीब 12 बीघा जमीन पर कब्जा लेने के साथ ही मुख्य गेट को सील करना था। 

जेडीए दस्ते की इस बड़ी कार्रवाई की खबर जैसे ही पूर्व राजपरिवार की सदस्य और भाजपा विधायक दिया कुमारी को मिली, वे फ़ौरन मौके पर पहुँच गईं। उन्होंने जेडीए की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस होती हुई। इसी बहस का वीडियो अब फिर से वायरल हो रहा है। 

कौन क्या कहता दिख रहा है?

दिया कुमारी: तत्कालीन भाजपा विधायक दिया कुमारी ने मौके पर पहुंचते ही तत्कालीन जेडीसी शिखर अग्रवाल से कहा कि ये जमीन पूर्व राजपरिवार की है, न कि जेडीए की। उन्होंने इस जमीन को लेकर तमाम दस्तावेज़ होने के साथ ही अदालत की डिक्री होने और सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिसीवर नियुक्त किए जाने का दावा किया। उन्होंने जेडीए की कार्रवाई को पूरी तरह गैर-कानूनी बताया। इस वीडियो में दिया कुमारी ये कहते दिख रहे हैं कि 'आप जानबूझकर टारगेट कर रहे हैं।' 

शिखर अग्रवाल : बहसबाज़ी के बीच शिखर अग्रवाल कोर्ट के आदेशों का हवाला देते दिख रहे हैं। वे पूर्व राजपरिवार सदस्यों के दावों को खारिज करते हैं और कहते हैं कि यदि दिया कुमारी या किसी पूर्व राजपरिवार सदस्य को कोई शिकायत या आपत्ति है, तो वे जेडीए कार्यालय में लिखित में दे सकते हैं। वो कहते हैं कि हर बात का जवाब मौके पर (फील्ड में) नहीं दिया जा सकता। 

अब क्यों वायरल हो रहा पुराना वीडियो?

हाल ही में अक्टूबर 2026 में आईएएस शिखर अग्रवाल और उनकी आईपीएस पत्नी डॉ. प्रशाखा माथुर पर एक निजी कंपनी से बाजार मूल्य से बेहद कम कीमत पर करीब 40 आलीशान विला और कॉटेज खरीदने और उन्हीं कंपनियों को लीज़ पर देने जैसे गंभीर आरोप लग रहे हैं। मामला सुर्ख़ियों में आने के बाद राजस्थान सरकार ने दोनों अधिकारियों को एपीओ (पदस्थापन की प्रतीक्षा में) कर दिया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) इस मामले की प्रारंभिक जांच कर रही है।शिखर अग्रवाल के इसी विला विवाद के सुर्खियों में आने के बाद, लोगों ने उनके पुराने विवादों और तत्कालीन विधायक दीया कुमारी (जो अब राज्य की उपमुख्यमंत्री हैं) के साथ हुए इस पुराने ऐतिहासिक टकराव के वीडियो को सोशल मीडिया पर फिर से साझा करना शुरू कर दिया है। 

Updated on:
3 Nov 2026, 2:13 PM IST
Published on: