
Jaipur News: जयपुर के रामनगरिया थाना इलाके में सोमवार शाम एक फ्लैट में आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। खास बात यह रही कि फ्लैट मालिक ने इसी दिन गृह प्रवेश किया था और कुछ ही घंटों बाद आग लगने से घर में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। यह घटना रामनगरिया थाने के पास स्थित भव्य ग्रीन अपार्टमेंट के 11 मंजिला टावर की नौवीं मंजिल पर हुई। यहां रहने वाले व्यापारी दीपक माहेश्वरी ने हाल ही में यह फ्लैट खरीदा था। वे पहले इसी फ्लैट में किराए पर रहते थे और अब गृह प्रवेश के बाद स्थायी रूप से रहने की तैयारी कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे दीपक माहेश्वरी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश किया। पूजा के बाद उन्होंने घर में दीपक जलाया और परिवार के साथ कुछ सामान खरीदने के लिए बाहर चले गए। करीब तीन घंटे बाद जब शाम 7:30 बजे वे वापस लौटे, तो फ्लैट से धुआं और आग निकलती देख उनके होश उड़ गए। उनका दिमाग काम नहीं कर रहा था कि अभी तो ग्रह प्रवेश किया है और अभी ये घटना हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत आग बुझाने में जुट गए।
सोसायटी में लगे अग्निशमन उपकरणों की मदद से स्थानीय लोगों ने समय रहते आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। लोगों की सुझबुझ से आग पर काबू पा लिया गया था। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब आधे घंटे में आग को पूरी तरह बुझा दिया। थानाधिकारी चंद्रभान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से ही आग लगने की आशंका है। बाकी आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे में घर के अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।