
फोटो- AI
Jodhpur News: जोधपुर में घरेलू हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंडो तिब्बत पुलिस बल (ITBP) के एक जवान ने अपनी ही मां और पत्नी के साथ मारपीट की। आरोप है कि जवान ने गुस्से में अपनी मां को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उसके बाद लात मारकर गाली-गलौज की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना के दौरान जब जवान का बेटा बीच-बचाव करने आया तो उसने पिता पर पानी की बोतल फेंक दी। इससे नाराज होकर जवान उसे भी मारने के लिए दौड़ा। हालांकि मौके पर मौजूद मां और पत्नी ने मिलकर उसे पकड़ लिया और किसी तरह स्थिति को संभाला। आरोप है कि इसी दौरान जवान ने पत्नी का गला दबाने की भी कोशिश की।
पीड़ित पत्नी रेखा कंवर ने भगत की कोठी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि शादी को 17 साल हो चुके हैं और उनके तीन बच्चे हैं। पत्नी का आरोप है कि पति के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध हैं और जब भी इस बारे में सवाल किया जाता है तो वह मारपीट पर उतर आता है। साथ ही उसने यह भी कहा कि पति ने घर खर्च देना भी बंद कर दिया है, जिससे बच्चों के पालन-पोषण में दिक्कत हो रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब जवान ने हिंसा की हो। एक दिन पहले भी उसने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे चेतावनी दी थी। बावजूद इसके अगले ही दिन उसने शराब के नशे में फिर से मां और पत्नी पर हमला कर दिया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थानाधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
23 Mar 2026 01:20 pm
Published on:
23 Mar 2026 01:20 pm
