
Khatu Shyamji Temple News: सीकर जिले के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर को लेकर चल रही जासूसी की चर्चाओं पर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट रूप से विराम लगा दिया है। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने इन खबरों को पूरी तरह अफवाह बताते हुए कहा कि अब तक उनके पास ऐसा कोई इनपुट नहीं है, जिससे यह साबित हो कि किसी जासूसी गिरोह ने खाटूश्यामजी मंदिर की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग कर पाकिस्तान भेजी हो। ये जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी गई।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गाजियाबाद में इस मामले की जांच कर रही SIT की टीम से भी संपर्क किया गया है, लेकिन वहां से भी ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने 14 मार्च को जासूसी गिरोह के 6 सदस्य मलिक (23), साने इरम उर्फ महक (25), प्रवीन (19), राज वाल्मीकि (21), शिवा वाल्मीकि (20) और रितिक गंगवार (23) को गिरफ्तार किया था। इसके बाद यह चर्चा तेजी से फैल गई कि इस गिरोह ने सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर और आसपास के इलाकों की फोटो-वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह महज अपुष्ट जानकारी थी, जिसे बिना सत्यापन के फैलाया गया।
गाजियाबाद पुलिस की जांच में गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संवेदनशील स्थानों के फोटो और वीडियो मिले हैं। इनमें रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थान भी शामिल हैं। इसके अलावा मोबाइल में विदेशी नंबरों के साथ चैटिंग के सबूत भी मिले हैं। जिससे जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ-साथ शासकीय गुप्त अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
सीकर एसपी ने बताया कि खाटूश्यामजी मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हाल ही में इमरजेंसी रिस्पांस टीम (ERT) द्वारा मॉक ड्रिल भी की गई है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बैगेज स्कैनर लगाने की योजना बनाई जा रही है, जिसे जल्द ही लागू किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न एजेंसियां लगातार निगरानी और समन्वय बनाए हुए हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
Updated on:
21 Mar 2026 02:01 pm
Published on:
21 Mar 2026 02:01 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
