
Jaipur CJP workers attack News: जयपुर। जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम को शुक्रवार को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं को स्कूल परिसर में जाने से रोक दिया और उन्हें गांव से बाहर तक खदेड़ दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
वहीं, जिस जगह यह स्कूल चल रहा है, उस परिसर के मालिक ने बताया कि खुद स्थिति स्पष्ट की। मकान मालिक ने बताया कि यह कोई स्कूल की इमारत नहीं, बल्कि तबेला है। यहां हमारी गाय और भैंसें बांधी जाती हैं। स्कूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चे पिछले तीन सालों से इसी तबेले में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। स्कूल भवन की छत की पट्टियां करीब तीन साल पहले टूट गई थीं। बार-बार शिकायतों और गुहार के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर मरम्मत का कोई काम नहीं हुआ। नतीजा ये कि तीन साल से बच्चे स्कूल की जगह तबेले में पढ़ने को मजबूर हैं।
उधर, मीडिया से बात करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि सीजेपी के कार्यकर्ताओं को दोबारा गांव में नहीं आने दिया जाएगा। एक ग्रामीण ने कहा कि ऐसी पार्टी को गांव में प्रवेश नहीं करने देंगे। वहीं कुछ ग्रामीणों ने सीजेपी पर देश विरोधी गतिविधियों के आरोप लगाते हुए भी विरोध जताया। हालांकि, ग्रामीणों ने स्कूल की बदहाल स्थिति को स्वीकार किया। एक ग्रामीण ने बताया कि स्कूल की इमारत जर्जर हालत में है और बच्चों को भैंसों के तबेले में पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल के लिए करीब 12 लाख रुपए का बजट स्वीकृत हो चुका है, लेकिन आचार संहिता लागू होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका।
वहीं, इस मामले को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चाहती है कि राजस्थान के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। बच्चे पढ़ें और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। राजस्थान सरकार इस दिशा में ईमानदारी और पूरी ताकत के साथ काम कर रही है। लेकिन कांग्रेस और कॉकरोच को राजस्थान में हो रही यह प्रगति पसंद नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग लगातार प्रगति क्यों कर रहा है? राजस्थान क्यों आगे बढ़ रहा है? शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार क्यों हो रहा है? इन लोगों को शायद यह पसंद नहीं है।