जयपुर

जयपुर रिंग रोड पर चलते ट्रक में लगी आग, 359 खाली सिलेंडर लदे थे, ड्राइवर ने केबिन से लगाई छलांग

जयपुर रिंग रोड पर रविवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के केबिन में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी रोककर छलांग लगा दी। ट्रक में 359 खाली सिलेंडर लदे थे। दमकल कर्मियों ने महज 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया।

2 min read
Jun 21, 2026
Jaipur Truck Fire
Jaipur Truck Fire: सिलेंडर लदे ट्रक में लगी आग (फोटो-Sotar Bhai)

जयपुर। राजधानी जयपुर में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब रिंग रोड टोल प्लाजा और वाटिका के बीच एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक में अचानक आग लग गई। आग ट्रक के केबिन में भड़की, जिसके बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और केबिन से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

घटना रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जयपुर रिंग रोड क्षेत्र में हुई। करौली जिले के सपोटरा निवासी चालक भूर सिंह अलवर से खाली एलपीजी सिलेंडर लेकर जयपुर के सीतापुरा स्थित गैस प्लांट की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक के केबिन से धुआं उठने लगा। कुछ ही क्षणों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं।

ड्राइवर ने सड़क किनारे खड़ी की ट्रक

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और केबिन से छलांग लगाकर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते आग ने ट्रक के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

यातायात रोका गया

सूचना मिलने पर सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पुलिस ने रिंग रोड के दोनों ओर यातायात रोक दिया, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। इसके साथ ही दमकल विभाग को सूचना देकर तत्काल फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर बुलवाई गई।

यह वीडियो भी देखें :

खाली सिलेंडर का पता चलते ही राहत की सांस

जांच के दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक में कुल 359 खाली एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे। यह जानकारी सामने आने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली, क्योंकि यदि सिलेंडर भरे हुए होते तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब दस मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। हालांकि आग से ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की संभावना

फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Updated on:
21 Jun 2026 08:05 pm
Published on:
21 Jun 2026 07:51 pm