21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कचरे में मिले मिठाई के डिब्बे से खुला राज; राजस्थान ANTF ने 25 हजार का इनामी तस्कर को वडोदरा से दबोचा

राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (Rajasthan ANTF) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन रजियांजनेय के तहत करीब एक वर्ष से फरार और 25 हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर हनुमान उर्फ राजू को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार कर लिया गया।

2 min read
Google source verification
Rajasthan ANTF

एएनटीएफ की गिरफ्त में आरोपी। फोटो पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (Rajasthan ANTF) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन रजियांजनेय के तहत करीब एक वर्ष से फरार और 25 हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर हनुमान उर्फ राजू को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी इतना शातिर था कि घर पर कभी एक नंबर से बात नहीं करता था, बल्कि हर बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से तय समय पर अपने भाई को फोन करता था।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी हनुमान उर्फ राजू (27) पुत्र घेवर राम जाट, नागौर जिले के खींवसर थाना इलाके की सियागो की ढाणी का रहने वाला है। 12वीं पास हनुमान के पिता की मौत के बाद उसके हिस्से में करीब 100 बीघा उपजाऊ कृषि भूमि आई थी, लेकिन वह खेती की मेहनत से बचना चाहता था। उसने पहले शराब ठेके पर सेल्समैन की नौकरी की। साल 2015 में शादी के बाद खर्चे और ऐशो-आराम की चाहत बढ़ी, तो एक शादी समारोह में मिले तस्करों के जरिए वह ड्रग्स तस्करी के काले कारोबार में उतर गया।

जब पुलिस पर हमला कर भागा था नागौर का यह शातिर

साल 2025 में श्रीगंगानगर के रजियासर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप पकड़ी थी। तस्करों से पूछताछ में हनुमान का नाम मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया। इस पर श्रीगंगानगर एसपी ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जब पुलिस उसे नागौर पकड़ने गई, तो वह परिजनों की मदद से पुलिस टीम से हाथापाई कर भाग निकला। इसके बाद उसने हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत की गुहार लगाई, लेकिन याचिका खारिज होते ही वह गुजरात फरार हो गया।

कचरे में मिले 'मिठाई के डिब्बे' ने खोला वडोदरा का राज

एएनटीएफ को जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी की पत्नी ई-मित्र केंद्र पर जाकर गुजरात पैसे भेजने का तरीका पूछ रही है। इसी बीच सूचना मिली कि हनुमान गुपचुप गांव आया था। पुलिस जब तक दबिश देती, वह भाग चुका था।

घर के आसपास छानबीन के दौरान कचरे के ढेर में पुलिस को वडोदरा (गुजरात) की एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान का खाली डिब्बा मिला। बयहीं से जांच की दिशा गुजरात की ओर मुड़ गई।

सुबह-शाम पार्क में टहलना पड़ा भारी

आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ की टीम तुरंत वडोदरा पहुंची। तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी रोज एक तय समय पर अलग-अलग पीसीओ या नए नंबरों से अपने भाई को फोन करता है, लेकिन हर बार टावर लोकेशन एक ही आ रही थी। टीम ने जब उस लोकेशन की रेकी की तो वह एक पार्क निकला। पुलिस को पहले से पता था कि हनुमान को सुबह-शाम पार्क में टहलने की आदत है। टीम ने पार्क की घेराबंदी की और जैसे ही वह फोन पर बात करते हुए टहलने निकला, एएनटीएफ ने उसे दबोच लिया।

उन्होंने बताया कि आमजन को किसी भी अपराधी या तस्करी से जुड़ी कोई शिकायत एएनटीएफ के कंट्रोल रूम 0141-2502877 या वाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।