14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के 5 जिलों में ANTF की कार्रवाई, गांजे की खेती व तस्करों के नेटवर्क को किया ध्वस्त, 92 लाख का माल जब्त

Rajasthan ANTF action : राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, उदयपुर और नागौर में ताबड़तोड़ छह बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 92 लाख रुपए कीमत का अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है।

2 min read
Google source verification
Rajasthan ANTF action

ट्रक के गुप्त चैंबर से निकला डोडा चूरा। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan ANTF action : जयपुर। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने मिलकर रविवार को अलग-अलग जिलों में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार किया है। इस ऑपरेशन के तहत पुलिस ने भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, उदयपुर और नागौर में ताबड़तोड़ छह बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 92 लाख रुपए कीमत का अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि इस अभियान के दौरान 519.290 किलोग्राम डोडा चूरा, गांजे के 139 हरे पौधे, स्मैक और अफीम बरामद कर 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

भीलवाड़ा: ट्रक के गुप्त चैंबर से निकला 5 क्विंटल डोडा चूरा

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ से कोटा बाईपास होता हुआ एक ट्रक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर बाड़मेर जा रहा है। मांडल में कोठारी नदी की पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक को रोकने का इशारा किया तो चालक उसे भगाने लगा। टीम ने पीछा कर ट्रक रुकवाया।

ऊपर से देखने पर ट्रक का डाला बिल्कुल खाली था, लेकिन जब गहनता से जांच की गई तो पता चला कि तस्कर ने ट्रक के चेचिस, बॉडी और फर्श के बीच 1-1 फीट गहरे गुप्त चैंबर बना रखे थे। पुलिस ने गैस कटर मशीन मंगवाकर लोहे की चादरों को कटवाया, तो अंदर से 517.07 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। आरोपी प्रकाश जाट (31) निवासी धनाऊ (बाड़मेर) को गिरफ्तार किया गया है, जो प्रति चक्कर 20 हजार रुपए भाड़ा लेता था।

करौली: बगीची में लहलहा रही थी गांजे की अवैध खेती

हिण्डौन सिटी थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बयाना रोड पर स्थित एक बगीची पर छापा मारा। मौके पर पटवारी को बुलाकर जब जमीन की पैमाइश कराई गई तो, पता चला कि करीब 0.23 हेक्टेयर भूमि पर गांजे की अवैध फसल खड़ी थी। पुलिस ने मौके से गांजे के 139 हरे पौधे (वजन 26.215 किलो) जब्त किए हैं। यह जमीन प्रतीक चतुर्वेदी के नाम दर्ज है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

बाड़मेर: अफीम और डोडा चूरा बरामद

चौहटन के विरात्रा तिराहा स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर संचालित मारवाड़ टी एंड कैफे पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त दबिश दी। तलाशी के दौरान 1.806 किलोग्राम डोडा चूरा, 75 ग्राम विनिर्मित अफीम और नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित 3600 रुपए नगद बरामद हुए। मौके से आरोपी कालूराम उर्फ खुमाराम बिश्नोई (66) निवासी चौहटन आगौर को गिरफ्तार किया गया। वहीं धनाऊ कस्बे में कपड़ों के व्यापार की आड़ में डोडा चूरा बेचा जा रहा था। पुलिस ने दुकान की सघन तलाशी लेकर 448 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर दुकान संचालक थानसिंह उर्फ थानाराम जाट को दबोच लिया।

उदयपुर : स्कूटी की डिग्गी से निकला गांजा

उदयपुर-सलुम्बर मेन रोड पर पुलिस को देखकर भाग रहे दो स्कूटी सवारों को सविना थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा। स्कूटी की डिग्गी से 483.9 ग्राम अवैध गांजा मिला। आरोपी नवाजिश खान और संजय लोहार को गिरफ्तार किया गया है।

नागौर: पुराना तस्कर फिर अरेस्ट

नागौर के गोगेलाव गांव में बिना नंबरी बोलेरो गाड़ी में स्मैक बेचते हुए शातिर तस्कर नाथूराम जाट को 7 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा गया। आरोपी इतना शातिर है कि इसे बीते मई माह में भी एएनटीएफ ने ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था।