जयपुर

Jaipur: झोटवाड़ा ROB से खातीपुरा आने वाला रास्ता बंद, बदल गई ट्रैफिक चाल; मुख्य मार्ग पर बढ़ा वाहनों का दबाव

झोटवाड़ा-खातीपुरा रोड (मुख्य झोटवाड़ा बाजार) पर जेडीए ने गुरुवार को ड्रेनेज लाइन डालने का काम शुरू कर दिया। इससे इस क्षेत्र और इसके आस-पास का ट्रैफिक का पूरा पैटर्न बदल गया।
2 min read
May 15, 2026
200-Foot Bypass traffic
200 फीट बाइपास पर बढ़ा ट्रैफिक। फोटो: पत्रिका

जयपुर। झोटवाड़ा-खातीपुरा रोड (मुख्य झोटवाड़ा बाजार) पर जेडीए ने गुरुवार को ड्रेनेज लाइन डालने का काम शुरू कर दिया। इससे इस क्षेत्र और इसके आस-पास का ट्रैफिक का पूरा पैटर्न बदल गया। विद्याधर नगर से खातीपुरा की ओर आने वाले मार्ग को बंद कर दिया और वाहन सीधे 200 फीट बाइपास की ओर निकले। इससे जयपुर शहर के उन लोगों को परेशानी हुई, जिनका खातीपुरा, हसनपुरा और सोडाला क्षेत्र में आना था। ये लोग पहले 200 फीट बाइपास पहुंचे और वहां से खिरणी फाटक आरओबी होते आगे गए।

शाम को पीक ऑवर्स में वाहनों का दबाव बढ़ गया। मुख्य कालवाड़ रोड (लता सर्कल से 200 फीट बाइपास पुलिया तक) पर वाहनों का दबाव बढ़ने से वाहन रेंगना शुरू हो गए। विद्याधर नगर से आने वाले वाहन बड़ी संख्या खातीपुरा की ओर चले जाते थे। ड्रेनेज की वजह से ये वाहन सीधे ही निकल रहे हैं। जबकि, कालवाड़ रोड से लता सर्कल की ओर आने वाली सड़क का काम जेडीए कर रहा है। ऐसे में 200 फीट बाइपास पुलिया पार करते ही ट्रैफिक आमने-सामने हो रहा है।

ये रहा हाल

-सुबह 9 बजे के बाद ट्रैफिक का दबाव तेजी से बढ़ा
-बाजार में प्रवेश के लिए वाहन वैकल्पिक गलियों में मुड़े
-कई जगह यू-टर्न पॉइंट पर जाम लगा

कट बंद होने से परेशान

झोटवाड़ा बाजार मुख्य बाजार में पूर्व में कई कट बंद कर दिए। जिस हिस्से में काम शुरू किया, उसमें 12 से 15 कॉलोनी हैं और सात हजार से आठ हजार लोग रहते हैं। साथ ही बड़ा बाजार है। लेकिन, पूर्व में कई कट बंद करने से आवाजाही में और दिक्कत हो रही है।

सड़क खोदकर तीन चरणों में होगा ड्रेनेज कार्य

जेडीए ड्रेनेज कार्य को तीन चरणों में सड़क खोदकर पूरा करेगा, ताकि आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की आवाजाही सामान्य बनी रहे और उन्हें अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों के अनुसार परियोजना का दूसरा चरण इस वर्ष के अंत तक पूरा होने की संभावना है। इसके पूरा होने के बाद निवारू रोड, कालवाड़ रोड, झोटवाड़ा और खिरणी फाटक जैसे इलाकों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से काफी राहत मिलेगी। फिलहाल दोनों चरणों में करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

इनका कहना है

पुराने आरओबी पर जो बैरिकेड्स लगवाए थे, उनको दोपहिया वाहन चालकों के लिए खुलवा दिया है। ऐसे में कॉलोनी वालों को सहूलियत मिली है।
-मोहन सिंह बिदावत, अध्यक्ष, रानी बाजार झोटवाड़ा

Updated on:
15 May 2026 07:37 am
Published on:
15 May 2026 07:37 am