जयपुर

Jaipur Accident: जयपुर में आधी रात तेज रफ्तार कार ने 7 वाहनों को मारी टक्कर, पिता-बेटी की मौत; मां-बेटे की हालत गंभीर

सांगानेर इलाके में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार एक परिवार को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि मां और बेटा गंभीर घायल हो गए। दोनों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
2 min read
• •
Aug 10, 2026
Jaipur Car Accident
जयपुर में हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस। फोटो: पत्रिका

जयपुर। सांगानेर इलाके में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार एक परिवार को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि मां और बेटा गंभीर घायल हो गए। दोनों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार चालक करीब 7 वाहनों को टक्कर मारते हुए भाग निकला। पुलिस ने कार को टोंक रोड स्थित हल्दीघाटी गेट के पास पकड़ लिया और चालक से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। चौरडिया पेट्रोल पंप की तरफ से सांगासेतु पुलिया की ओर जा रही कार ने स्टेडियम के पास बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता और बेटी की मौत हो गई। जबकि मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार को सांगानेर थाने की तरफ भगाकर ले गया।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त स्कूटी व मौके पर मौजूद पुलिस।

सांगानेर थाने से सांगासेतु पुलिया के बीच कार ने एक स्कूटी सहित अन्य बाइक को भी टक्कर मारी। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस ने पीछा कर हल्दीघाटी गेट के पास कार को पकड़ लिया। एक स्कूटी और अन्य बाइक सवार को टक्कर मारना सामने आया, लेकिन दोनों ही वाहन सवार नहीं मिले। आशंका है कि उन्हें घायल होने पर निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पुलिस उनकी जानकारी जुटा रही है।

मृतकों की शिनाख्त का प्रयास

मालपुरा गेट थाने के एसएचओ उदयभान यादव ने बताया कि हादसे में भरतपुर हाल दुर्गापुरा जयपुर निवासी विष्णु (35) और उनकी 3 साल की बेटी सृष्टि की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, हादसे में घायल उनकी पत्नी और बेटे का जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार जारी है।

इनका कहना है

कार ने बाइक सवार परिवार को चपेट में ले लिया, जिसमें बाइक चालक पिता व बेटी की मौत हो गई। मां व बेटा गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना में अन्य वाहन सवार घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
-मुकेश चौधरी, सहायक पुलिस आयुक्त

Updated on:
10 Aug 2026 08:48 am
Published on:
10 Aug 2026 06:47 am