
Seva Setu Abhiyan : मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की सुशासन एवं जनसेवा की सोच के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा शहरी नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने, जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान करने तथा शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ‘सेवा सेतु अभियान–2026’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक प्राधिकरण परिसर स्थित नागरिक सेवा केन्द्र में जोनवार सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहरी नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनसे संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही यथासंभव त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। शिविरों में नागरिक अपने संबंधित प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सेवाओं एवं समस्याओं के समाधान का लाभ ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नागरिक सेवा केन्द्र में आयोजित होने वाले शिविर प्रातः 9.30 बजे से सायं 6.00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान संबंधित जोन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का यथासंभव शिविर दिवस पर ही निस्तारण किया जाएगा। संबंधित उपायुक्त द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निस्तारण की अद्यतन सूचना एवं प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।
7 अक्टूबर को जोन 19, 21, PRN एवं 14,
8 अक्टूबर को जोन A, 11, 17 एवं 7,
9 अक्टूबर को जोन B, 12, 22 एवं 8,
10 अक्टूबर को जोन C, 13, 16 एवं 9,
12 अक्टूबर को PRN, 14, 23 एवं 24,
13 अक्टूबर को जोन 7, 15, 25 एवं 11,
14 अक्टूबर को जोन 8, 18, B एवं 12,
15 अक्टूबर को जोन 9, 19, 21 एवं 14 तथा
16 अक्टूबर को जोन 10, 20, 22 एवं PRN के शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों के सफल संचालन के लिए संबंधित जोन के उपायुक्त शिविर प्रभारी तथा तहसीलदार सह-प्रभारी रहेंगे। साथ ही अभियान के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जेडीए ने नागरिकों को अधिकाधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नागरिक सेवा केन्द्र में निर्धारित जोनवार शिविरों के अतिरिक्त अभियान अवधि में प्रत्येक जोन द्वारा रविवार को छोड़कर प्रतिदिन अपने कार्यालय में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इससे नागरिकों को अपने स्थानीय जोन कार्यालय में ही संबंधित प्रकरणों के निस्तारण का अवसर मिल सकेगा।
जयपुर विकास प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित जोन की निर्धारित तिथि के अनुसार नागरिक सेवा केन्द्र अथवा संबंधित जोन कार्यालय में आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों का निस्तारण करवाएं। साथ ही राज्य सरकार की इस जनहितकारी पहल का अधिकतम लाभ उठाएं।