जयपुर

Rajasthan Accident: तेज रफ्तार जीप ने स्कूटी को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत, खुशी का माहौल मातम में बदला

जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर दो बजे हुए भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दी।

2 min read
Mar 17, 2026
फोटो पत्रिका नेटवर्क

गोविंदगढ (जयपुर)। जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर दो बजे हुए भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दी। गोविंदगढ़ के पास बधाला कट पर सीकर से जयपुर की ओर जा रही एक जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में आ गई और एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई और 9 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने शवों को चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए। पुलिस ने जीप को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक फरार हो गया। हादसे में चौमूं वार्ड 1 निवासी रिटायर्ड शिक्षक सत्यनारायण सैनी (66) अपने बेटे एडवोकेट विजेंद्र सैनी (30) और पोते मनवीर (9) के साथ स्कूटी पर सवार होकर श्रीमाधोपुर जलवा पूजन कार्यक्रम में विजेंद्र के ससुराल के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन बधाला कट के समीप तेज रफ्तार जीप ने पिता सत्यनारायण व विजेन्द्र की जिंदगी छीन ली, जबकि 9 वर्षीय मनवीर घायल हो गया।

ये भी पढ़ें

राजस्थान के सीकर में एक ही स्कूल की 2 बसें आपस में टकराई, सड़क पर मचा कोहराम, 30 मासूम बच्चे घायल

तेज रफ्तार में था वाहन

थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया कि दोपहर में सीकर से जयपुर की ओर जा रही एक जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में आ गई, तभी सीकर की तरफ जा रही स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी सवार सत्यनारायण और विजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें गोविंदगढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बालक मनवीर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

खुशी से मातम में बदला माहौल

परिजनों के मुताबिक विजेंद्र के ससुराल श्रीमाधोपुर के पास जलवा पूजन का कार्यक्रम था। उनकी पत्नी सरिता एक दिन पहले अपनी बच्ची के साथ पीहर चली गई थी। कार्यक्रम को लेकर मृतकों सहित अन्य परिजनों व रिश्तेदारों में खुशी का माहौल था। ससुराल में शाम के उत्सव की तैयारी में थे, वहीं मौत की खबर ने सबको गमगीन कर दिया। ससुराल और चौमूं परिजनों दोनों जगह मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि मृतक विजेंद्र चार भाइयों में से दूसरे नंबर का था। उसके एक बेटा व एक बेटी है।

परिजनों में कोहराम

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचे, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कई परिजन बेहोश हो गए, जिन्हें अन्य परिजनों ने संभाला। पत्नी सरिता के आंखों से रूलाई थमने का नाम नहीं ले रही थी तो मां व अन्य परिजन भी बिलख रहे थे। देर शाम को पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार किया गया।

अधिवक्ताओं में दौड़ी शोक की लहर

हादसे में अधिवक्ता विजेन्द्र व उसके पिता की मौत से चौमूं अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर कई अधिवक्ता अस्पताल व अंतिम संस्कार में पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष चरण सिंह चौधरी ने बताया कि मृतक विजेन्द्र चौमूं में वकालत कर रहे थे।

ये भी पढ़ें

टोंक में दर्दनाक हादसा; पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, देवर की मौत, भाई और भाभी घायल

Published on:
17 Mar 2026 08:34 pm
Also Read
View All
Rajasthan: एलपीजी संकट के बीच राजस्थान में मिली अवैध गैस एजेंसी, सिलेंडर का जखीरा देख अधिकारियों के उड़े होश

वेद मंत्रों की गूंज में 41 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां, राजस्थान संस्कृत अकादमी का दीक्षांत समारोह, 37 वेद विद्यालय हुए शामिल

3 साल में 5 साल जितना कर्ज! राजस्थान के बढ़ते बोझ पर सियासत तेज, टीकाराम जूली ने सरकार से मांगा जवाब

किड्स कॉर्नर: चित्र देखो कहानी लिखो 69 …. बच्चों की लिखी रोचक कहानियां परिवार परिशिष्ट (11मार्च 2026) के पेज 4 पर किड्स कॉर्नर में चित्र देखो कहानी लिखो 69 में भेजी गई कहानियों में पयोशनिका कोठारी, तालिका सिंह, मुस्तफा राजा शेख क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता रहे। इनके साथ सराहनीय कहानियां भी दी जा रही हैं।

Competitive Exams: सरकारी स्कूलों में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के लिए बदले नियम, अब निदेशालय की अनुमति अनिवार्य

अगली खबर