
Jaipur Sitapura Fire: जयपुर। राजधानी जयपुर के सीतापुरा इलाके में मंगलवार देर रात लग्जरी कारों के एक शोरूम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में खड़ी करीब आधा दर्जन कारें इसकी चपेट में आ गईं। इसके अलावा शोरूम में रखी लाखों रुपए की कार एसेसरीज भी जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11:30 बजे शोरूम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में धुआं आग की लपटों में बदल गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं, तब तक आग शोरूम के बड़े हिस्से में फैल चुकी थी।
दमकलकर्मियों ने तत्काल पानी की बौछार शुरू की और आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने का प्रयास किया। आग इतनी भीषण थी कि शोरूम से निकलने वाला गहरा काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में दिखाई दे रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने आग और धुएं के वीडियो भी बनाए, जो बाद में स्थानीय स्तर पर शेयर किए गए।
दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लगातार पानी की बौछार कर आग को पूरी तरह बुझाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं, जिससे आग को आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोका जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले जयपुर के नारायण सिंह सर्किल स्थित एक मॉल में दोपहर करीब 2 बजे आग लगने से हड़कंप मच गया था। आग लगते ही मॉल में काम कर रहे लोग सतर्क हो गए और मॉल की बिजली सप्लाई बंद कर दी। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 2 गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जांच में सामने आया कि एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी।