जयपुर

Jaipur: मंदिर में 2 घंटे पूजा, फिर बुजुर्ग महिला को गिराकर लूटी चेन, मुख्य आरोपी सहित 3 गिरफ्तार

Jaipur Chain Snatching: जयपुर में सोडाला थाना पुलिस ने मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला से मारपीट कर सोने की चेन और कान के टॉप्स लूटने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत 3 जनों को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Jun 05, 2026
Jaipur chain snatching accused arrested
photo: patrika

Jaipur Chain Snatching: जयपुर में सोडाला थाना पुलिस ने मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला से मारपीट कर सोने की चेन और कान के टॉप्स लूटने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत 3 जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को ट्रैस कर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी महेश नगर इलाके में इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेश रावत (22) निवासी मुरैना, हाल निवासी गंगा विहार कॉलोनी सुशीलपुरा सोडाला तथा खरीदार महेश चंद गुप्ता (61) और राजेन्द्र अग्रवाल (63) शामिल हैं। दोनों आरोपियों ने लूटे गए जेवर खरीदने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में खातीपुरा झोटवाड़ा निवासी विनोद कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी सास संतोष अग्रवाल मंदिर से घर लौट रही थीं। घर के बाहर पहुंचते ही पीछे से आए युवक ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट कर सोने की चेन व कान के टॉप्स छीनकर फरार हो गया।

जुआ सट्टा में हुआ कर्जा तो बाइक रख दी गिरवी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अनिकेश जयपुर में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। उसने कई दिनों तक विभिन्न कॉलोनियों और गलियों में घूमकर रैकी की। इस दौरान वह जुआ-सट्टा खेलने लगा और कर्ज में डूब गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपनी मोटरसाइकिल तक गिरवी रख दी, लेकिन रकम नहीं जुटा पाया। इसके बाद उसने लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।

पूजा करने के बाद की वारदात

आरोपी ने बताया कि वारदात वाले दिन वह सुबह कमरे से निकला और सुशीलपुरा व सोडाला क्षेत्र में घूमता रहा। रास्ते में एक हनुमान मंदिर में करीब दो घंटे तक रुका और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह शिकार की तलाश में निकल पड़ा। सुनसान रास्ते पर अकेली जा रही बुजुर्ग महिला को देखकर उसने पीछे से झपट्टा मारा, उन्हें नीचे गिराया और मारपीट कर सोने की चेन व कान के टॉप्स लूटकर फरार हो गया।

मानसरोवर में बेच दिए जेवर

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लूटे गए जेवर उसने मानसरोवर स्थित गोपाल ज्वैलर्स पर बेच दिए थे। इस सूचना पर पुलिस ने महेश चंद गुप्ता और राजेन्द्र अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया।

छत से कूदने के दौरान हाथ पैर हुए चोटिल

जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इससे पता चला कि आरोपी मूल रूप से मध्यप्रदेश के मुरैना का रहने वाला है और गंगा विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी जयपुर से भागने की फिराक में है। पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश दी तो वह छत से कूदकर भागने लगा। इस दौरान गिरने से उसके हाथ-पैर में चोटें भी आईं, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।

Published on:
05 Jun 2026 07:03 am