
परीक्षा केंद्र का जायजा लेने पहुंचे RPSC चेयरमैन कर्नल केसरी सिंह। फोटो: पत्रिका
जयपुर। जयपुर में जूनियर लॉ ऑफिसर (JLO) भर्ती परीक्षा के पहले दिन आरपीएससी के कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। मीडिया से चर्चा के दौरान कर्नल केसरी सिंह ने दावा किया कि राजस्थान में पिछले 3 साल में कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है। आने वाले समय में हमारे लिए पेपर लीक बड़ी समस्या नहीं बनेगा, बल्कि बड़ी समस्या इन परीक्षाओं को डिले कराने वाला माफिया होगा। बता दें कि इन दिनों देशभर में पेपर लीक का मुद्दा गरमाया हुआ है। ऐसे में आरपीएससी चेयरमैन का खुद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण करना और सार्वजनिक रूप से पेपर लीक नहीं होने की गारंटी देना अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।
केसरी सिंह ने जयपुर में माणक चौक, झोटवाड़ा, गांधीनगर और गणगौरी बाजार स्थित सरकारी स्कूल में निरीक्षण किया। आयोग चेयरमैन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम भी जल्द जारी करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान एडीएम ईस्ट नरेन्द्र कुमार वर्मा भी उनके साथ रहे। वहीं, संयुक्त सचिव ऋषिबाला श्रीमाली ने भी विभिन्न केंद्रों पर व्यवस्थाएं जांची। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा आज से शुरू हुई। दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए सिर्फ जयपुर में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 13,245 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
राजस्थान लोक सेवा आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि देशभर में सबसे ज्यादा परीक्षा आरपीएससी करा रही है। जिस तरह से ढाई से तीन साल में सरकार और प्रशानिक अधिकारी काम रहे हैं। उससे यह तो साफ है कि कोई भी पेपर लीक कराने में सफल नहीं हो सकता। राजस्थान में तीन साल में पेपरलीक की कोई घटना नहीं हुई। हमारा शीर्ष नेतृत्व मजबूत है और उन्होंने आरपीएस की मर्यादा का पूरा ध्यान रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमारे सामने पेपर लीक बड़ी परेशानी नही रहेगी। बल्कि बड़ी परेशानी वो माफिया रहेगा, जो हर बार पेपर डिले कराने का काम करता है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से परीक्षा का बेहतर आयोजन किया जा रहा है। मैं खुद परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहा हूं, ताकि यदि कहीं कोई खामी हो तो उसे तुरंत दूर किया जा सके। हमारा उद्देश्य है कि हर अभ्यर्थी निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में परीक्षा दे सके। इसलिए व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कि शहर के कई सेंटर ऐसे होते है, जहां अलग-अलग तरीके की समस्याएं होती है। उन्हें देखने के लिए ही मैं आया हूं।
बता दें कि राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्वावधान में कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार और सोमवार को होगा। दोनों ही दिन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर 2.30 से 5.30 बजे तक जयपुर जिला मुख्यालय पर परीक्षा कराई जाएगी। सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि प्रत्येक पेपर में ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है।
Updated on:
26 Jul 2026 02:40 pm
Published on:
26 Jul 2026 02:39 pm
