जयपुर

जयपुर में स्पा की आड़ में चल रहा अनैतिक गतिविधियों का खेल, गाइडलाइन बेअसर, अब तक 59 विदेशी महिलाएं पकड़ी गईं

Jaipur News : जयपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा। स्पष्ट गाइडलाइन जारी होने के बावजूद इस साल कार्रवाई में 59 विदेशी महिलाएं पकड़ी गईं।
2 min read
jaipur spa immoral activitie guidelines ineffective 59 foreign women caugh
Jaipur : फाइल फोटो एआइ।

Jaipur News : जयपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पा सेंटरों के संचालन को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन जारी कर रखी है, लेकिन कई सेंटरों में इन नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आ रही है। महिला स्पा में महिला और पुरुष स्पा में पुरुष कर्मचारियों की अनिवार्यता के उलट कई जगह पुरुष ग्राहकों को विदेशी युवतियों का प्रलोभन देकर बुलाए जाने की शिकायतें और पुलिस कार्रवाई सामने आई हैं।

सबसे गंभीर बात है कि स्पा सेंटर केवल व्यावसायिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। कई सेंटर कॉलोनियों के बीच तो कई प्रमुख बाजारों में संचालित हो रहे हैं। जयपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद इनकी गतिविधियां जारी रहना निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

59 विदेशी महिलाएं पकड़ीं, 52 को भेजा वापस

पुलिस की इस वर्ष की कार्रवाई में अब तक 59 विदेशी महिलाएं पकड़ी जा चुकी हैं। इनमें से 52 विदेशी युवतियों को उनके देश वापस भेजा जा चुका है। विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) और विदेशी पंजीकरण कार्यालय (एफआरओ) की कार्रवाई में सामने आए मामलों में स्पा सेंटरों में युवतियों से अनैतिक गतिविधियां करवाए जाने की पुष्टि की गई। विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों में वीजा और पंजीकरण नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई। यहां तक की नेपाल के रास्ते भारत में इनकी घुसपैठ करवाई जा रही है।

शनिवार को तीन सेंटरों पर कार्रवाई

स्पा सेंटरों के खिलाफ अभियान शनिवार को भी जारी रहा। जयपुर में तीन स्पा सेंटरों पर एक साथ कार्रवाई कर 10 युवतियों और पांच पुरुष ग्राहकों को पकड़ा गया। पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि नियमों के बावजूद कई सेंटरों में महिलाओं और पुरुष ग्राहकों को एक ही व्यवस्था में बुलाकर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

गाइडलाइन में साफ-साफ नियम, फिर भी मनमानी

कमिश्नरेट की गाइडलाइन में स्पा सेंटरों के संचालन को लेकर कर्मचारियों और गतिविधियों के संबंध में स्पष्ट निर्देश हैं। इसके बावजूद कार्रवाई के दौरान ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां सेंटर संचालक निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे।

विदेशी युवतियां बन रही आकर्षण का जरिया

पुलिस जांच में सामने आए मामलों के अनुसार कुछ सेंटरों में विदेशी युवतियों को काम पर रखने के बाद उन्हें ग्राहकों के आकर्षण का माध्यम बनाया जा रहा था। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से विदेशी युवतियों की मौजूदगी को प्रचारित कर ग्राहकों को आकर्षित किए जाने की बात भी जांच के दायरे में रही है। ऐसे सेंटरों में सामान्य स्पा सेवाओं की आड़ में अनैतिक गतिविधियों के आरोप सामने आए हैं।

गाइडलाइन के अनुसार संचालन न होने पर कार्रवाई

स्पा संचालन के लिए गाइडलाइन जारी की हुई है, उसी के अनुसार संचालन नहीं मिलने पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
ओमप्रकाश, स्पेशल पुलिस कमिश्नर, जयपुर कमिश्नरेट

Updated on:
20 Sept 2026 06:17 pm
Published on:
20 Sept 2026 06:17 pm