
SUV Killed Man In Jaipur: राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार वाहनों ने 2 परिवारों की खुशियां छीन लीं। मालवीय नगर थाना इलाके में तेज रफ्तार SUV ने स्कूटी सवार 62 साल के बुजुर्ग को टक्कर मार दी। गंभीर घायल बुजुर्ग की SMS अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं विश्वकर्मा इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 3 साल के बच्चे की मौत हो गई और उसकी मां, बहन और मामा घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पीट दिया।
मालवीय नगर पुलिस के अनुसार छाजू सिंह (62) दौसा के प्रेमपुरा निवासी थे और वर्तमान में बाईजी की कोठी, झालाना डूंगरी में रहते थे। हॉस्टल में गार्ड की नौकरी करने वाले छाजू तबीयत खराब होने के कारण शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे स्कूटी से जयपुरिया अस्पताल दवा लेने जा रहे थे। सरस पुलिया के पास तेज रफ्तार SUV ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छाजू सिंह उछलकर सड़क पर जा गिरे। SUV चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे लगे खंभे को तोड़ते हुए काफी दूर तक चला गया। पुलिस ने घायल को SMS अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
छाजू सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी राधा कंवर का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो बेटे सोनू और शुभम और दो बेटियां नीलम और प्रियंका हैं। छाजू सिंह परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।
जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में रोड नंबर 17 के पास शुक्रवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर कृष्णा विहार अखेपुरा निवासी रीना अपनी बेटी साक्षी और 3 साल के बेटे कार्तिक के साथ सवार थीं। बाइक रीना के धर्मभाई कैलाश चला रहे थे और मुरलीपुरा की तरफ जा रहे थे। ट्रक की टक्कर से चारों सड़क पर जा गिरे। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन साल के कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। रीना, साक्षी और कैलाश को हल्की चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए भर्ती किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक चालक कुछ दूर जाकर रुका, लेकिन फिर वाहन वापस दौड़ा दिया। सड़क पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक और कार्तिक को रौंदते हुए ट्रक आगे निकल गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने ट्रक का पीछा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में चालक कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। पुलिस ने उसे भी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है।