
मृतका अमृता देवी, शिमला देवी सास मनमौज और ससुर सत्यनारायण। फोटो: पत्रिका
जयपुर। जयपुर जिले में सरमथुरा-फलौदी मेगा हाईवे पर फागी से तीन किलोमीटर दूर माधोराजपुरा रोड पर शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। तेज रफ्तार एसयूवी ने तीन महिलाओं सहित चार जनों को टक्कर मार दी। हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के विरोध व मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। जानकारी के मुताबिक रात करीब साढ़े सात बजे धामुनियों का मोहल्ला फागी निवासी सत्यनारायण कुम्हार अपनी पत्नी व दो पुत्रवधुओं के साथ अपने खेत से मूंग की पूळियां सड़क किनारे सुखा रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एसयूवी ने चारों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी चारों महिला-पुरुष करीब बीस फीट कर उछलकर दूर जा गिरे। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में अमृता (30) पत्नी बद्री, शिमला (25) पत्नी सुरेश, मनमोज (55) पत्नी सत्यनारायण और 60 वर्षीय सत्यनारायण पुत्र पांचूराम कुम्हार की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद फागी पुलिस ने चारों शव फागी उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और घटना को लेकर रोष जताया। मृतक परिवार को मुआवजे की मांग को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया और सड़क पर धरना शुरू कर दिया। जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
धरना व रोड जाम की के बाद पुलिस उपाधीक्षक अनिल डोरिया और थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। रात करीब दस बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा व उपखंड अधिकारी बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर लोगों से वार्ता की। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
हादसे में परिवार के 4 लोगों की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर छा गई। हादसे में मरने वाली अमृता के बेटी प्रियंका (15) और बेटा हिमांशु (13) है। अमृता के एक 5 साल के बेटे की कुछ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे में मरने वाली शिमला नर्सिंग की पढ़ाई कर चुकी थी और उसकी 8 महीने की बेटी वंशिका है। शिमला का पति सुरेश जयपुर की एक ज्वेलरी कंपनी में काम करता है।
डिप्टी मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने हादसे के बाद दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दूदू विधानसभा क्षेत्र के फागी में एसएच-2 चाकसू रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। साथ ही, दुर्घटना में घायल व्यक्ति के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। इस दुःखद घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकसंतप्त परिवारजनों के साथ हैं।
Updated on:
22 Aug 2026 07:28 am
Published on:
22 Aug 2026 07:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
