जयपुर

जयपुर में पर्यटकों की भीड़ के बीच अपराधी सक्रिय, पर्यटन थाना पुलिस ने 115 बदमाश दबोचे

राजस्थान की राजधानी जयपुर में पर्यटन सीजन के साथ ही चारदीवारी के बाजारों में पर्यटकों और खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। लेकिन इसी भीड़ की आड़ में जेबतराश, मोबाइल चोर और ठग भी सक्रिय हैं। विदेशी पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों के खिलाफ पर्यटन थाना पुलिस ने अब तक 115 लोगों को पकड़ा है और 113 मामले दर्ज किए हैं।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 9:55 PM IST
jaipur tourism
गुलाबी नगरी में भ्रमण करते सैलानी (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। चारदीवारी के बाजारों में पर्यटकों की भीड़ बढ़ रही है। दुकानों पर रौनक लौट रही है और पर्यटन सीजन गुलाबी नगरी की अर्थव्यवस्था को गति दे रहा है। लेकिन इस चमकती तस्वीर का दूसरा पहलू भी है। बाजारों की भीड़ में किसी का मोबाइल गायब हो रहा है तो किसी की जेब कट रही है। खरीदारी के लिए आने वाले शहरवासी वाहन चोरी की आशंका से परेशान हैं तो बाहर से आने वाले सैलानी ठगी और लपकों के निशाने पर हैं। पर्यटन की बढ़ती रफ्तार के बीच अपराधियों की सक्रियता ने चारदीवारी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक साल में दोगुने से ज्यादा हुए मुकदमे

माणक चौक थाने के आंकड़े इस चिंता की गंभीरता बयां कर रहे हैं। अक्टूबर 2025 में जहां 33 मुकदमे दर्ज हुए थे, वहीं अक्टूबर 2026 में यह संख्या बढकऱ 67 पहुंच गई। यानी एक साल में दर्ज मामलों में दोगुने से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। नवंबर 2025 में पूरे महीने 22 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस बार 14 नवंबर तक 10 मामले दर्ज हो चुके हैं। वहीं, 1 जनवरी से 14 नवंबर 2026 तक माणक चौक थाने में कुल 318 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। पर्यटन सीजन में भीड़ बढऩे का अनुमान पहले से रहता है, इसके बावजूद सुरक्षा इंतजाम उसी अनुपात में क्यों नहीं बढ़ाए जा रहे, यह बड़ा सवाल है।

भीड़ की आड़ में वारदातों को अंजाम दे रहे अपराधी

बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार और हवामहल के आसपास वीकेंड पर इतनी भीड़ रहती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। अपराधी इसी भीड़ को अपनी ढाल बनाते हैं। जेबतराश मोबाइल और पर्स पार करने का मौका तलाशते हैं, वहीं खरीदारी के लिए आने वाले शहरवासियों के वाहन भी चोरों के निशाने पर रहते हैं। पार्किंग की अव्यवस्था और वाहनों की निगरानी में कमी उनके लिए मौके आसान कर देती है।

दूसरी ओर, बाहरी पर्यटकों को होटल, टैक्सी, गाइड और खरीदारी के नाम पर गुमराह कर ठगने वाले भी सक्रिय हैं। स्थानीय रास्तों और व्यवस्थाओं की जानकारी नहीं होने के कारण पर्यटक आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी जरूरी निगरानी

पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में परिवारों के साथ आने वाली महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा भी बड़ी चुनौती है। भीड़ का फायदा उठाकर छेड़छाड़, पीछा करने और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रमुख बाजारों के साथ अंदरूनी रास्तों और संकरी गलियों में भी पुलिस की प्रभावी मौजूदगी जरूरी है। सादा वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचने वाली टीम से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

115 लपके पकड़े, 113 मामले दर्ज

विदेशी सैलानियों को परेशान करने वाले लपकों के खिलाफ पर्यटन थाना पुलिस ने अब तक 115 जनों को पकड़ा है। इनके खिलाफ 113 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें पांच मुकदमे ऐसे हैं, जिनमें एक ही व्यक्ति ने दूसरी बार अपराध किया।

इन्होंने कहा-

'सैलानियों की भीड़ की आड़ लेकर अपराध को अंजाम देने वालों धरपकड़ के लिए विशेष कार्रवाई की जाती है। कई पर्यटन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाती है। साथ ही गाइड के नाम पर सैलानियों को गुमराह करने वाले लपकों की धरपकड़ भी की जाती है। -शशिकला, पर्यटन थाना प्रभारी

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
14 Nov 2026, 9:55 PM IST
Published on: