
Jaipur Traffic Changes Chaitra Mela: जयपुर: एमआई रोड स्थित अमरापुर स्थान पर एक से पांच अप्रैल तक आयोजित होने वाले चैत्र मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की है। जो एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक लागू रहेगी।
बता दें कि आमजन की सुविधा और यातायात सुचारू रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन किया गया और पार्किंग पर प्रतिबंध लगाए हैं। कलक्ट्री सर्कल से खासाकोठी, सिंधी कैंप, वनस्थली मार्ग और चर्च रोड सहित मुख्य मार्गों पर पार्किंग पूरी तरह निषेध रहेगी। गणपति प्लाजा से अमरापुर स्थान तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
नाटाणियों का चौराहा डायवर्जनः अजमेर रोड तरफ से आने वाली बसों मिनी और अन्य बसों को नाटाणियों के चौराहा से पीडब्ल्यूडी चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शालीमार तिराहा रूट परिवर्तनः शालीमार तिराहा से चर्च रोड होते हुए गणपति प्लाजा जाने वाली मिनी बसों को गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा की ओर डायवर्ट किया गया।
सीकर रोड से डायवर्जनः यातायात दबाव बढ़ने पर सीकर रोड से आने वाली मिनी बसों को पानीपेच तिराहा से झोटवाड़ा रोड की ओर डायवर्ट किया जा सकेगा।
स्टेशन रोड प्रतिबंधः स्टेशन रोड से पार्क स्ट्रीट की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
कलक्ट्री सर्कल डायवर्जनः अधिक दबाव की स्थिति में कलक्ट्री सर्कल से आने वाले वाहनों को खासाकोठी पुलिया के नीचे से पोलोविक्ट्री, सिंधी कैंप और वनस्थली मार्ग होते हुए संचालित किया जाएगा।
पोलोविक्ट्री रूट बदलाव: पोलोविक्ट्री से गणपति प्लाजा की ओर जाने वाले वाहनों को सिंधी कैंप व रेलवे स्टेशन की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
भारी वाहनों पर रोकः खासाकोठी से गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।
जयपुर में एमआई रोड स्थित अमरापुर स्थान पर आयोजित होने वाला चैत्र मेला शहर के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों में से एक है। यह प्रेम प्रकाश मंडल का वार्षिक उत्सव है, जिसमें देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। चैत्र मेला मुख्य रूप से सिंधी समाज और 'प्रेम प्रकाश मंडल' के अनुयायियों का एक बड़ा वार्षिक धार्मिक उत्सव है।