
जयपुर में 12वीं के होनहार छात्र (फोटो- पत्रिका)
RBSE 12th Result 2026 Jaipur Topper: जयपुर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 12वीं विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के परीक्षा परिणाम एक साथ जारी कर दिए। इस वर्ष के परिणाम केवल आंकड़ों का खेल नहीं हैं, बल्कि उन संघर्षों की जीत हैं जो साधारण घरों की चारदीवारी के भीतर असाधारण सपनों के साथ लड़े गए।
जयपुर जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश में इस बार बेटियों का दबदबा रहा, जहां नव्या मीणा और वर्षा शर्मा जैसी छात्राओं ने अपनी मेधा से यह साबित कर दिया कि सफलता संसाधनों की नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम और अटूट लगन की मोहताज होती है।
किशनगढ़-रेनवाल क्षेत्र के एक छोटे से गांव लूणियावास की बेटी नव्या मीणा ने कला संकाय में 99.60% अंक हासिल कर पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। नव्या ने न केवल अपने गांव बल्कि प्रदेश स्तर पर टॉप कर सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर गर्व करने का अवसर दिया है।
नव्या एक बहुत ही साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता गुजरात में टाइल्स और मार्बल्स लगाने का काम करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। चार बहनों और एक छोटे भाई के बड़े परिवार में संसाधनों की हमेशा कमी रही, लेकिन नव्या ने इसे कभी अपनी पढ़ाई के बीच नहीं आने दिया।
नव्या की सफलता की खबर मिलते ही शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्वयं फोन कर उन्हें बधाई दी। गांव में विजय जुलूस निकाला गया और खुशियां मनाई गईं। नव्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता के अटूट विश्वास को दिया है।
विज्ञान संकाय में भी बेटियों ने ऊंचे मुकाम हासिल किए हैं। जयपुर की वर्षा शर्मा ने 99.20% अंक प्राप्त कर विज्ञान वर्ग में अपना लोहा मनवाया। वर्षा, राधा बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं।
वर्षा ने केमिस्ट्री और मैथ्स जैसे कठिन विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, नवलगढ़ के सरस्वती स्कूल की छात्रा गरिमा जांगिड़ ने भी 99.20% अंक प्राप्त किए। गरिमा के पिता पितराम जांगिड़ पेशे से कारपेंटर हैं। गरिमा ने अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान और गणित में पूरे 100 अंक हासिल किए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रतिभा किसी खास वर्ग या शहर की जागीर नहीं है।
इस बार के परिणामों में सबसे दिलचस्प मामला कॉमर्स स्ट्रीम में देखने को मिला, जहां जयपुर के दो जुड़वां भाइयों ने लगभग एक समान परिणाम हासिल कर सबको हैरान कर दिया। क्रिस्टल कॉन्वेंट स्कूल के छात्र आयुष अग्रवाल ने 97% और उनके भाई पीयूष अग्रवाल ने 96.4% अंक हासिल किए। दोनों भाइयों की इस सफलता ने उनके परिवार और स्कूल का नाम रोशन कर दिया है।
मूल रूप से बिहार के कटिहार की निवासी लता शाह की कहानी किसी प्रेरणादायक फिल्म से कम नहीं है। उन्होंने विज्ञान संकाय में 96.20% अंक हासिल किए। लता के पिता जयपुर में कैटरिंग और मजदूरी का काम करते हैं। लता ने बताया कि वह कभी घंटों के हिसाब से नहीं पढ़ती थीं, बल्कि 'सब्जेक्ट वाइज टारगेट' तय करती थीं।
उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के, केवल स्कूल की पढ़ाई और सेल्फ-टेस्ट के दम पर यह अंक हासिल किए। भविष्य में उनका सपना एक सफल इंजीनियर बनने का है।
ललित बैरवा ने 97.40 प्रतिशत अंक, अक्षिता शर्मा ने 68 प्रतिशत अंक और मनिक रितिका पटरा ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल किया।
जयपुर के चाकसू तहसील स्थित डाहर गांव निवासी अमन गौतम ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 93.80 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अमन राहुल शिक्षण संस्थान, सांगानेर के छात्र हैं। उनके पिता राजेश कुमार शर्मा और माता रेनू शर्मा ने बेटे की इस सफलता पर खुशी जताई।
अमन की मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। परिवार और गांव में जश्न का माहौल है। अमन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।
पिछले वर्ष (2025) की तुलना में जयपुर जिले के प्रदर्शन में इस बार काफी सुधार देखने को मिला है। पिछले साल जयपुर कई श्रेणियों में पिछड़ गया था, लेकिन इस बार आंकड़ों ने नई कहानी लिखी है।
विज्ञान: जयपुर में 33,929 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की।
कला: 31,112 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की।
कॉमर्स: 6,699 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की।
जयपुर के विभिन्न स्कूलों से उभरते सितारों की सूची लंबी है। रिया चौधरी (विज्ञान): 98.80% अंक, भविष्य में डॉक्टर बनने का लक्ष्य। तान्या अग्रवाल (कॉमर्स): 98.20% अंक। रोहित शर्मा (विज्ञान): 98.20% अंक (मैथ्स और इंग्लिश में 100/100)। युवराज रजवानिया (विज्ञान): 97.80% अंक (गणित में 100/100)। सान्या गुप्ता (विज्ञान): 98.40% अंक (फिजिक्स और बायोलॉजी में 100/100। शिवानी मीणा (आर्ट्स): राजकीय स्कूल, जमवारामगढ़ की छात्रा, जिन्होंने 97.40% अंक लाकर साबित किया कि नियमित पढ़ाई ही सफलता की कुंजी है।
लूणियावास स्कूल की गौरव गाथारेनवाल के लूणियावास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने इस वर्ष अभूतपूर्व परिणाम दिए हैं। नव्या मीणा के टॉप करने के साथ ही इसी स्कूल की खुशी चौधरी ने भी शानदार अंक हासिल कर स्कूल का नाम ऊंचा किया। विद्यालय के कुल 47 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जिसमें से 19 छात्रों के अंक 90% से अधिक रहे। इस सफलता के पीछे शिक्षक बीरबल सिंह का विशेष मार्गदर्शन बताया जा रहा है।
इस वर्ष के परिणाम यह संदेश देते हैं कि अब ट्यूशन कल्चर या महंगे संस्थानों के बिना भी शिखर तक पहुंचा जा सकता है। नव्या मीणा, वर्षा शर्मा, लता शाह और गरिमा जांगिड़ जैसे विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, माता-पिता के त्याग और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन से राजस्थान के शिक्षा मानचित्र पर अपना नाम स्वर्णाक्षरों में लिख दिया है।
Published on:
31 Mar 2026 03:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
