
टॉपर्स को 75,000 और बेटियों को 51,000 का नकद इनाम (पत्रिका फाइल फोटो)
Rajasthan board 12th toppers 2026 prize announcement: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने आज यानी 31 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार है, जब 12वीं के नतीजे मार्च महीने में ही जारी कर दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर से अजमेर बोर्ड के साथ वर्चुअल जुड़कर विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों संकायों के परिणाम एक साथ जारी किए।
इस वर्ष राजस्थान बोर्ड ने अपनी कार्यप्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव दिखाते हुए समय से पहले नतीजे जारी किए हैं। इससे पहले 10वीं का परिणाम भी 23 मार्च को घोषित किया जा चुका है। 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं।
परिणाम जारी करने के तुरंत बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के टॉपर्स को व्यक्तिगत रूप से फोन कर बधाई दी। उन्होंने छात्रों से बात करते हुए कहा, यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। प्रदेश को आप जैसे होनहार युवाओं पर गर्व है। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए देश सेवा और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
राज्य सरकार ने मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए इनाम की राशि और स्वरूप में कुछ महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं।
राज्य स्तर पर टॉप करने वाले छात्रों को अब 75,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। गौरतलब है कि पहले यह राशि 1 लाख रुपए थी। नकद राशि के साथ-साथ मेधावी छात्रों को लैपटॉप या टैबलेट और राज्य स्तरीय सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा।
राजस्थान सरकार बालिकाओं और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनके लिए छात्र आवेदन कर सकते हैं। परिवार की इकलौती या दो बेटियों के मेरिट में आने पर उन्हें 51,000 रुपए की नकद सहायता दी जाती है। 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 5,000 रुपए का गार्गी पुरस्कार दिया जाएगा।
ध्यान रहे कि अब स्कूटी वितरण की योजना बंद कर दी गई है। ऐसे छात्र जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपए से कम है और वे मेरिट सूची में स्थान बनाते हैं, उन्हें 15,000 रुपए और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
रिजल्ट आने के बाद पात्र छात्र इनाम और छात्रवृत्ति के लिए निम्नलिखित चरणों का पालन कर आवेदन कर सकते हैं।
SSO पोर्टल: अधिकांश छात्रवृत्ति योजनाओं (जैसे EBC) के लिए छात्र को राजस्थान SSO ID के माध्यम से लॉगिन करना होगा।
बोर्ड वेबसाइट: टॉपर्स और विशेष पुरस्कारों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन फॉर्म माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
दस्तावेज: आवेदन के लिए मार्कशीट, आय प्रमाण पत्र (यदि आवश्यक हो), आधार कार्ड और बैंक पासबुक की कॉपी तैयार रखनी होगी।
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि परिणाम पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन रखने का प्रयास किया गया है। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर के जरिए तुरंत चेक कर सकते हैं। समय पर परिणाम आने से अब छात्रों को उच्च शिक्षा और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
Published on:
31 Mar 2026 12:42 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
