
जयपुर। राजधानी के वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वेल्स शोरूम में चाकू की नोक पर हुई लाखों रुपए की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात के महज दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। वह लूटे गए गहने बेचने के लिए दिल्ली पहुंचा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान कालवाड़ रोड स्थित देवी नगर निवासी दिग्विजय सिंह (32) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि कभी कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी करने वाला आरोपी कर्ज में डूबने के बाद लूट की वारदात को अंजाम देने लगा।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को सीरियस ज्वेल्स शोरूम की महिला कर्मचारी अंजलि कायस्थ ने वैशाली नगर थाने में मामला दर्ज कराया था। उसने बताया कि सुबह करीब 10:15 बजे शोरूम खोला था। उस समय सिक्योरिटी गार्ड महावीर गुप्ता भी मौजूद थे। करीब 10:30 बजे एक युवक चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी लगाकर शोरूम में घुसा। उसने गार्ड और महिला कर्मचारी को चाकू दिखाकर धमकाया और गहने बैग में रखने को कहा। इसके बाद आरोपी सात सोने के हार और 31 अंगूठियां लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार लूटे गए गहनों की कीमत करीब 35 लाख रुपए है।
वारदात के बाद जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने शोरूम और आसपास के रास्तों पर लगे 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई। वारदात के बाद वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह लूटे गए गहने बेचने के लिए दिल्ली पहुंचा है। इस पर टीम ने उसका पीछा किया और दिल्ली में पकड़ लिया। जयपुर लाकर पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की आर्थिक स्थिति को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। उसने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की थी और आगे की शिक्षा के लिए विदेश भी गया था। इसके लिए करीब 30 लाख रुपए का एजुकेशन लोन लिया था। इसके अलावा पर्सनल लोन और दोस्तों से भी रकम उधार ले रखी थी। वह विदेश में नौकरी करने के साथ कॉर्पोरेट सेक्टर में भी काम कर चुका था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद आर्थिक संकट में घिर गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने बड़ी रकम हासिल करने की साजिश रची और ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाया।
आरोपी शादीशुदा है और उसका चार साल का बेटा है। पुलिस के मुताबिक, उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस उससे लूटे गए गहनों की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।