
जयपुर। सोशल मीडिया पर वीडियो पर लाइक, व्यूज बटोरने का जुनून अब शहर की सड़कों पर लोगों की जान के लिए खतरा बनने लगा है। वैशाली नगर के आम्रपाली सर्कल पर एक ब्लैक एसयूवी चालक ने अलसुबह बीच चौराहे पर गाड़ी को एक ही जगह तेजी से घुमाते हुए करीब दस चक्कर लगाए। इस दौरान सड़क पर धूल और धुएं के बीच एसयूवी की रफ्तार देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। स्टंट का वीडियो बना रहा एक युवक गाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बचा।
घटना शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आम्रपाली सर्कल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर गाड़ी के नंबर और चालक की पहचान की।
वायरल वीडियो में ब्लैक एसयूवी चौराहे के बीचोंबीच तेजी से गोल-गोल घूमती नजर आ रही है। चालक करीब दस चक्कर लगाता है। इस दौरान वीडियो बना रहा युवक गाड़ी के काफी नजदीक दिखाई देता है। जरा सी चूक बड़ा हादसा कर सकती थी। रील के लिए किया गया यह स्टंट दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बना।
वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। आम्रपाली सर्कल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी व उसके चालक का पता निकाला। इसके बाद पुलिस ने एसयूवी को जब्त कर आरोपी ड्राइवर निखिल को पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस के सामने घुटनों के बल बैठक निखिल ने कभी भी ऐसा नहीं करने की कहते हुए माफी मांगी।
जयपुर में रील बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों और चौराहों को स्टंट का मैदान बनाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। जवाहर सर्कल और जगतपुरा इलाके में भी तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग के मामले सामने आए हैं। अब आम्रपाली सर्कल के वीडियो ने फिर सवाल खड़ा किया है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों पर प्रभावी कार्रवाई कैसे हो।