जयपुर

Jaipur Viral Video: क्लब में चेकिंग करती रही पुलिस, पीसीआर में युवक छलकाते रहे जाम

राजधानी जयपुर में पांच युवकों ने पुलिस की पीसीआर को ही शराब पार्टी का ठिकाना बना लिया। जिस वक्त पुलिसकर्मी क्लब में चेकिंग कर रहे थे, उसी दौरान युवक सरकारी गाड़ी में बैठकर जाम छलका रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस वाहन के वायरलेस का तार तक तोड़ दिया।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 10:56 PM IST
Jaipur Viral Video
Jaipur: वायरल वीडियो का शॉट (सोर्स-सोशल मीडिया)

जयपुर। राजधानी जयपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें पांच युवक पुलिस की पीसीआर (चेतक) में बैठकर शराब पार्टी करते और फिल्मी गानों पर रील बनाते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस समय युवक पुलिस की गाड़ी में बैठकर जाम छलका रहे थे, उस समय पुलिसकर्मी कुछ ही दूरी पर स्थित क्लब में चेकिंग कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस ने पांचों युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

मामला 13 सितंबर का बताया जा रहा है। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा के अनुसार, उस दिन एसएमएस थाना पुलिस की चेतक पर चालक कृष्ण और हेड कांस्टेबल हरिमोहन की ड्यूटी थी। दोनों नारायण सिंह सर्कल स्थित सबाना क्लब में चेकिंग के लिए पहुंचे थे। क्लब में भीड़ अधिक होने के कारण हेड कांस्टेबल ने चालक को भी अंदर बुला लिया। इसी दौरान शराब के नशे में पांच युवक क्लब से बाहर आए।

पुलिस की गाड़ी को ही बना लिया पार्टी का ठिकाना

पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी देखकर युवकों ने बाहर खड़ी पीसीआर को ही पार्टी का ठिकाना बना लिया। वे पुलिस की गाड़ी में बैठ गए और शराब की बोतल हाथ में लेकर फिल्मी गानों पर रील बनाने लगे। वीडियो में एक युवक सड़क पर खड़े होकर भी शराब पीता दिखाई दे रहा है। युवकों ने इस दौरान पीसीआर के वायरलेस का तार भी तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

वीडियो वायरल हुआ तो बंद कर लिए मोबाइल

करीब ढाई महीने पुराना यह वीडियो 26 नवंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। डीसीपी के मुताबिक, क्लब संचालक की मदद से पांचों युवकों की पहचान भव्य खंडेलवाल, आशुतोष चक्रवर्ती, गोपाल, मृणाल और अमन जैन के रूप में हुई है। पांचों के खिलाफ एसएमएस अस्पताल थाने में बीएनएस, आईटी एक्ट और पीडीपीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

इस पूरे घटनाक्रम में पुलिसकर्मियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आखिर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में युवकों ने सरकारी वाहन में बैठकर शराब पार्टी कैसे की? डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका भी खंगाली जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
26 Nov 2026, 10:56 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Jaipur UP Zila Pramukh : जयपुर में भाजपा को लगा जोरदार डबल झटका, कांग्रेस के सुनील कुमार कुमावत बने उप जिला प्रमुख

राजस्थान में 11वीं पास बना MBBS डॉक्टर, वार्ड बॉय से की शुरुआत, फर्जी डिग्री के दम पर देश के बड़े अस्पतालों का बना चिकित्सक

Rajasthan: कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में सत्यवीर अलोरिया अध्यक्ष नियुक्त, प्रतीक सिंह को-चेयरपर्सन बने, 7 कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त

घर के अंदर चाबी, बाहर चोरी हो गई गाड़ी, कीलैस एंट्री वाली लग्जरी कारें चोरों के निशाने पर

राजस्थान विश्वविद्यालय के कॉलेज में फ्रेशर पार्टी की मांग पर बवाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह चूंडावत ने हटाई प्रिंसिपल की कुर्सी