जयपुर

जयपुर में डिवाइडर से टकराकर तीन-चार बार पलटी कार, एक की मौत, सड़क पर बिखरे नए नोट

Jaipur Accident News: जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर एक अनियंत्रित कार डिवाइडर पर चढ़कर बीच में लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

2 min read
Jun 16, 2026
Jaipur road Accident
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Jaipur Accident News: जयपुर। राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां मंगलवार को एक अनियंत्रित कार डिवाइडर पर चढ़कर बीच में लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दुर्घटना के तुरंत बाद दो अन्य युवक मौके से भाग निकले।

हादसे के बाद घटना स्थल पर एकत्र हुए स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया और दूसरे को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए भर्ती कर लिया। मृतक की पहचान रवि कुमार बैरवा के रूप में हुई है, जो दौसा के दांतली का रहने वाला था। वह अपने दोस्तों के साथ खाटूश्याम जी जाने की बात कहकर घर से निकला था।

दिल्ली की ओर जा रहे थे कार सवार

विश्वकर्मा थानाधिकारी रवींद्र सिंह ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 2:15 बजे एक्सप्रेस-वे हाईवे पर 14 नंबर पुलिया के आगे मोड़ पर हुआ। कार सवार चारों युवक दिल्ली की ओर जा रहे थे। अत्यधिक गति होने के कारण मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराते हुए तीन-चार बार पलट गई।

सड़क पर बिखरे नोट

हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के दरवाजे और खिड़कियां टूट गए और कांच चारों तरफ बिखर गए। दुर्घटना के समय कार के अंदर रखे 10-10 और 1-1 रुपए के नए नोट भी सड़क पर फैल गए। टक्कर के प्रभाव से एक युवक लहूलुहान हालत में उछलकर सड़क पर जा गिरा। राहगीरों के अनुसार, कार सवार दो युवक अपने साथियों को तड़पता छोड़ मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों ने एक घायल को सड़क किनारे बैठाया और पुलिस को मामले की सूचना दी।

मां-बेटे की मौत

उधर, जयपुर के सीकर रोड स्थित नींदड़ मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से संगीता कंवर और उनके 17 वर्षीय बेटे सूर्यप्रताप सिंह की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मां का सिर धड़ से अलग होकर कुछ दूरी पर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर पड़ा मां का दिल कुछ मिनट तक धड़कता रहा। वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी कि उस दृश्य को देखकर खुद को संभाल सके।

Published on:
16 Jun 2026 09:47 pm