
Jaipur weather update : राजधानी जयपुर में गुरुवार को निर्जला एकादशी पर मेघ मेहरबान हुए। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब साढ़े तीन बजे बारिश शुरू हुई। साढ़े चार बजे तक शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके बाद करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर बारिश हुई। जयपुर के कलक्ट्रेट सर्कल पर 50 मिलीमीटर बारिश रेकॉर्ड की गई। शहर में सुबह से तेज धूप रही। दोपहर तीन बजे तक उमस के साथ गर्मी ने परेशान किया।
मौसम केन्द्र के अनुसार शहर के दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। शाम सात बजे पारा गिरकर 29 डिग्री पर आ गया। ऐसे में बारिश के बाद तापमान में आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं, शहर के न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। मौसम केन्द्र के अनुसार आगामी दो से तीन बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं, जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून जयपुर आने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। गुरुवार को विभाग ने राजस्थान के 37 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि आने वाले समय में कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
जयपुर में एक घंटे तक हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। शहर भर से 50 से अधिक शिकायतें कलक्ट्रेट कंट्रोल रूम में पहुंची। रामनिवास बाग के पिछले गेट पर पेड़ गिर गया। वहीं, यादगार के पास बने बस स्टॉप का होर्डिंग गिर गया। गनीमत रही कि यात्री नहीं थे। इससे बड़ा हादसा टल गया। इसके अलावा जलभराव की समस्याएं देखने को मिली।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा बारां जिले के अटरू में 90.0 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान जोधपुर में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने 25 से 27 जून के बीच विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे आंधी जैसे हालात भी बन सकते हैं।
आगामी चार से पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर बिजली गिरने के खतरे से बचने की सलाह दी है।