जयपुर

जयपुर में शर्मनाक: कार टकराने पर युवती और भाभी से सरेआम अभद्रता, बीच-बचाव करने आए भाई को पीट-पीटकर लहूलुहान किया

Jaipur Hindi News: जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में कार टकराने के बाद विवाद हिंसक हो गया। युवती और उसकी भाभी से अभद्रता का आरोप है। सूचना पर पहुंचे भाई पर 7-8 युवकों ने हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में तीन टांके आए और आंख में चोट लगी। घटना CCTV में कैद हुई।
2 min read
Jun 30, 2026
Jaipur Women Molested
रामनगरिया थाना, जयपुर (पत्रिका फाइल फोटो)

Jaipur Women Molested: राजधानी जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में सड़क पर विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कार के दूसरी कार से टकराने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने सरेआम महिलाओं से अभद्रता की और बीच-बचाव करने पहुंचे युवती के भाई पर जानलेवा हला कर दिया। इस हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और तीन टांके लगे हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

घटना 27 जून की शाम करीब 5:15 बजे की है। पीड़िता अपनी भाभी के साथ तिलक नगर स्थित अपने घर से जगतपुरा के एक सैलून जा रही थी। जगतपुरा की सर्विस लेन में एक स्विफ्ट कार ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो कार सवार युवक गाली-गलौज और बदतमीजी करने लगे। डरकर युवती ने अपने भाई को फोन किया, जो अपनी गाड़ी से कुछ ही दूरी पर पीछे आ रहे थे।

भाई पर जानलेवा हमला और महिलाओं से हाथापाई

युवती का भाई जैसे ही मौके पर पहुंचा, आरोपी पक्ष के युवकों ने फोन करके अपने 7-8 अन्य साथियों को वहां बुला लिया। आरोपियों ने सबसे पहले वीडियो बना रही भाभी का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि बदमाशों ने उसकी भाभी के दोनों हाथ पकड़ लिए, उनके साथ हाथापाई की और जबरन अपनी कार में बैठाने की कोशिश की।

जब भाई ने अपनी बहन और पत्नी को बचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उस पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस मारपीट में युवक के सिर पर गहरी चोट आई, जिससे उसे तीन टांके लगे हैं और उसकी एक आंख भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। जान बचाने के लिए पीड़ित परिवार को पास की एक दुकान में छिपना पड़ा।

सदमे में परिवार

पीड़ित युवक की शादी घटना से महज तीन दिन पहले (23 जून को) ही हुई थी। अभी हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी और घर में शादी के बाद के रीति-रिवाज चल रहे थे। इस अचानक हुए हमले से पूरा परिवार गहरे सदमे और डर में है।

पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना शुरू होते ही उन्होंने तुरंत 100 और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी थी। इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। अगर पुलिस समय पर आ जाती, तो इस गंभीर मारपीट को रोका जा सकता था।

CCTV में कैद हुई वारदात, कोई गिरफ्तारी नहीं

इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी साफतौर पर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। रामनगरिया थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281, 115 (2), 126 (2) और 189 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुरेश कुमार को सौंपी गई है। थाना प्रभारी चंद्रभान के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।

Published on:
30 Jun 2026 04:45 pm