
Jaipur Vaishali Nagar Cafe Owner Attack: राजधानी जयपुर में कैफे बंद कर घर लौट रहे संचालक को बदमाशों ने रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीट दिया। स्कूटी और बाइक पर आए हमलावरों ने संचालक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन बदमाश इसके बाद भी उसे पीटते रहे। युवक को मरा हुआ समझकर आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से भाग निकले। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
बता दें कि घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र में 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। हमले में घायल युवक की पहचान वैशाली नगर निवासी मयंक गोपालिया (34) के रूप में हुई है। वह वैशाली मार्ग पर ओवन द बेकरी कैफे का संचालन करते हैं। रविवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घायल मयंक के परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के दोस्त पर संदेह जताया जा रहा है। वह अक्सर कैफे में महिला कर्मचारी से मिलने आता था। इसको लेकर संचालक ने आपत्ति जताई थी। आरोप है कि घटना वाले दिन भी इसी बात पर विवाद हुआ था और जाते समय युवक ने मयंक को जान से मारने की धमकी दी थी।
वैशाली नगर थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत के मुताबिक, 5 नवंबर की रात कैफे बंद करने के बाद मयंक पैदल घर जा रहे थे। कैफे से कुछ दूरी पर गली के मोड़ के पास पहले से कुछ युवक मौजूद थे। जैसे ही मयंक वहां पहुंचे, हमलावर पीछे से दौड़कर आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर वार लगने से मयंक जमीन पर गिर गए। इसके बाद भी आरोपी उन पर लगातार डंडे बरसाते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक और स्कूटी पर सवार अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गए।
हमले के बाद मयंक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़े थे। वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टरों को उनका ऑपरेशन करना पड़ा। सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां मयंक बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद पुलिस ने परिजनों और कैफे कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 5 नवंबर की दोपहर कैफे में महिला कर्मचारी और संचालक मयंक के बीच विवाद हुआ था। महिला कर्मचारी का एक दोस्त अक्सर उससे मिलने कैफे आता था। इस पर मयंक ने आपत्ति जताई थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद महिला कर्मचारी का दोस्त कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया था।
थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया, शनिवार रात तक घायल मयंक बयान देने की स्थिति में नहीं थे। रविवार दोपहर परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।