
Jaipur Thar Accident Ganesh Swami Death: राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार थार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। शास्त्रीनगर इलाके में एक थार ने सड़क पर पैदल जा रहे 40 साल के व्यक्ति को पहले जोरदार टक्कर मारी, इसके बाद गाड़ी को पीछे लिया और दोबारा कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बता दें कि मृतक की पहचान स्वामी बस्ती निवासी गणेश स्वामी के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक, गणेश 18 भाई-बहनों की मौत के बाद पैदा हुआ था और परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरना दिया। इस दौरान मृतक की बहन ने भावुक होते हुए कहा, मेरे भाई के हत्यारे की लाश मेरी गोद में दे दो, जैसे मैं अपने भाई की लाश को गोद में लेकर बैठी हूं।
घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे शास्त्रीनगर के नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में हुई। बताया जा रहा है कि गणेश अपनी बहन के घर से पानी पीकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उसे टक्कर मार दी। गणेश की बहन ललिता ने बताया, उनका और भाई का घर आसपास ही है। भाई उनके घर पर पानी पीने आया था। वापस जाते समय थार ने उसे टक्कर मार दी। आवाज सुनकर वह और उनका चचेरा भाई मौके पर पहुंचे। गणेश के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं।
गणेश की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन ललिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिस तरह वह अपने भाई की लाश गोद में लेकर बैठी हैं, उसी तरह उसके हत्यारे की लाश भी उनकी गोद में दी जाए। परिजनों ने घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि चालक ने जानबूझकर गणेश को निशाना बनाया और गाड़ी पीछे लेकर उसे दोबारा कुचला।
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ सेकेंड बजरंग सिंह के अनुसार, हादसे में गणेश स्वामी (40) की मौत हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार को जब्त कर लिया है। वहीं, बंधा बस्ती निवासी शाहरुख और अरशद को डिटेन किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गणेश के चाचा वेदप्रकाश सोलंकी ने बताया कि परिवार ने उसे सुबह बिल्कुल ठीक देखा था। उन्होंने बताया कि गणेश से पहले परिवार में 18 बच्चे पैदा हुए थे, लेकिन उनमें से कोई भी जीवित नहीं रह सका। इसके बाद गणेश का जन्म हुआ तो परिवार में खुशियां मनाई गई थीं। गणेश मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी आशा (39), बेटा सन्नी (15) और बेटी मोनिका (12) हैं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरना दिया। परिजनों के आरोपों और लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पांच थानों की पुलिस तैनात की गई।