जयपुर

Jaipur: जयपुर में गरजी JCB, 120 से अधिक निर्माण तोड़े, दो सड़कों को 80 फीट किया चौड़ा, 10 घंटे चली कार्रवाई

JDA Action In Jaipur: जयपुर में जेडीए ने नंदपुरी-गैटोर और विवेक विहार रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 से अधिक अतिक्रमण हटाए। सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

2 min read
May 23, 2026
सड़क सीमा से अतिक्रमण हटाता जेडीए का दस्ता। फोटो- पत्रिका

जयपुर। नंदपुरी-गैटोर रोड और विवेक विहार रोड पर शुक्रवार को जेडीए का पीला पंजा चला। कार्रवाई के दौरान 120 से अधिक अतिक्रमण और निर्माण ध्वस्त किए गए। हालांकि छह धार्मिक स्थलों पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की गई है। जेडीए अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पक्षों से समझाइश की जा रही है और धार्मिक स्थल अपने स्तर पर हटाए जाएंगे। एक टीम ने नंदपुरी-गैटोर रोड पर और दूसरी टीम ने विवेक विहार रोड पर कार्रवाई की। सड़क सीमा में बने अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन भारी पुलिस जाप्ता तैनात होने के कारण कार्रवाई प्रभावित नहीं हुई।

यह वीडियो भी देखें

ये भी पढ़ें

Rajasthan: राजस्थान में गोवंशों से क्रूरता, श्रीगंगानगर में चारों थन काटे, जोधपुर में कुल्हाड़ी से किया वार

सड़क सीमा में अतिक्रमण

जेडीए रिकॉर्ड के अनुसार संबंधित सड़क मास्टर प्लान में 80 फीट चौड़ी निर्धारित है। करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में लोगों ने बाउंड्रीवाल, लॉन, कमरे और शौचालय तक बना रखे थे। कार्रवाई के दौरान इन सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।

खास-खास

  • 2 किलोमीटर क्षेत्र में जेडीए की कार्रवाई
  • 100 से अधिक पुलिसकर्मी रहे मौजूद
  • 4 टीमों ने संयुक्त रूप से चलाया अभियान
  • करीब 10 घंटे तक चली कार्रवाई

इन पर दूसरे चरण में कार्रवाई

  • सात से आठ मकान : मकान मालिकों ने सामान निकालने के लिए समय मांगा। उन्होंने जेडीए को आश्वस्त किया कि कुछ दिनों में सामान हटा लेंगे।
  • छह निर्माणों पर न्यायालय का स्थगन आदेश है। जेडीए स्थगन हटाने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्रवाई करेगा।
  • छह धार्मिक निर्माण : इनमें तीन मंदिर, एक मस्जिद, एक मजार और एक सत्संग भवन शामिल हैं। इनके प्रतिनिधियों से समझाइश की जा रही है।

ये होगा फायदा

  • जवाहर सर्कल से बालाजी मोड़ तिराहा होते हुए जगतपुरा आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। नूरानी मस्जिद से गैटोर और जगतपुरा होते हुए मुख्य 100 फीट रोड तक पहुंचना आसान होगा।
  • 80 फीट सड़क बनने से जगतपुरा और रेलवे फाटक के आसपास की 40 से अधिक कॉलोनियों की आवाजाही बेहतर होगी। बालाजी मोड़ और मॉडल टाउन से लेकर मुख्य हरे कृष्णा मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा। वर्तमान में सात नंबर बस स्टैंड क्षेत्र में सबसे अधिक ट्रैफिक दबाव रहता है।

ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक में यह मुद्दा उठा था। हरे कृष्णा मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने के लिए इस सड़क को मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। सभी अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों से भी समझाइश की गई है।

  • आनंद शर्मा, डीआईजी पुलिस, जेडीए

गोविंद मार्ग की भी सुध लेने की जरूरत

एक ओर जेडीए यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है, वहीं गोविंद मार्ग पर नगर निगम अब तक प्रभावी कदम नहीं उठा पाया है। मास्टर प्लान में 100 फीट चौड़ी सड़क होने के बावजूद कई स्थानों पर अतिक्रमण बने हुए हैं। इससे पीक आवर्स में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठकों में यह मुद्दा उठ चुका है, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। नगर निगम के आदर्श नगर और मालवीय नगर जोन ने नोटिस जारी किए हैं, लेकिन मौके पर कार्रवाई नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Roadways: राजस्थान को मिलेंगी 600 इलेक्ट्रिक-रोडवेज बसें, 10 शहरों में विकसित होंगे आधुनिक बस पोर्ट
Also Read
View All