Signal-Free-U-Turn In Jaipur: जयपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए जेडीए ने कई अहम फैसले लिए हैं। टोंक रोड, गोपालपुरा बाइपास और सहकार मार्ग जैसे व्यस्त मार्गों के असुरक्षित मीडियन कट बंद कर सिग्नल-फ्री यू-टर्न विकसित किए जाएंगे।
JDA's New Traffic Plan: जयपुर शहर में सुगम राह के लिए टोंक रोड और सहकार मार्ग जैसे मुख्य मार्गों के मीडियन कट्स बंद होंगे। इन मार्गों पर यू-टर्न विकसित किए जाएंगे। साथ ही प्रमुख मार्गों के मुख्य चौराहों के जंक्शनों में सुधार के काम होंगे। द्रव्यवती नदी के आसपास कॉलोनियों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए चार जगहों पर नए बॉक्स कल्वर्ट (छोटे पुल) बनाए जाएंगे। यह निर्णय जेडीए में गुरुवार को हुई ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की 94वीं बैठक में लिए गए।
बैठक में अर्बन रोड कॉरिडोर डवलपमेंट पर चर्चा की गई, इसके तहत सीकर रोड कॉरिडोर और न्यू सांगानेर रोड कॉरिडोर के पुनर्विकास को स्वीकृति प्रदान की गई। न्यू सांगानेर रोड पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए यहां सिग्नल-फ्री यू-टर्न, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग तथा सड़क किनारे हॉर्टिकल्चर विकास जैसे कार्य किए जाएंगे।
असुरक्षित मीडियन कट्स को बंद करने का भी निर्णय लिया गया है। इनमें टोंक रोड, गोपालपुरा बाइपास, महल रोड, सहकार मार्ग और कालवाड़ रोड जैसे व्यस्त मार्गों के कट शामिल हैं। इन स्थानों पर अनियंत्रित यातायात को रोकने के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित यू-टर्न विकसित किए जाएंगे। विद्यार्थियों की सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए “सेफ स्कूल एवं कॉलेज जोन” विकसित करने की पहल की गई है।
द्रव्यवती नदी परियोजना के तहत शहर की विभिन्न कॉलोनियों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए चार स्थानों पर नए बॉक्स कल्वर्ट बनाने का निर्णय लिया गया। राजस्थान पत्रिका ने 27 फरवरी को 'जाम से जूझते जयपुर को सही रास्ते ले जाने का जंक्शन है द्रव्यवती नदी' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर सुगम राह के लिए द्रव्यवती नदी के आस-पास की कॉलोनियों में सीधी कनेक्टिविटी के लिए छोटे पूल या रपट बनाने का सुझाव दिया गया।
अब जेडीए ने बैठक में इस सुझाव पर मुहर लगाते हुए चार जगहों पर नए बॉक्स कल्वर्ट बनाने का निर्णय लिया है। ये कल्वर्ट कटेवा नगर, न्यू आतिश मार्केट के पीछे, मानसरोवर देवरी एसटीपी के पास और रीको एसटीपी के पास बनाए जाएंगे।
बैठक में शहर के कई प्रमुख जंक्शनों पर लगने वाले ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए उनके वैज्ञानिक पुनर्विकास और सुदृढ़ीकरण को मंजूरी दी गई। इसके तहत सेंट्रल स्पाइन, पानीपेच, चिंकारा, जल भवन, चांदपोल सर्किल, गोनर रोड, महल रोड, वाटिका रोड और अंबाबाड़ी सहित कई महत्वपूर्ण जंक्शनों का सुधार किया जाएगा।
पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कालवाड़ रोड पर दोनों ओर लगभग 2200 मीटर तथा लोहा मंडी रोड पर दोनों ओर लगभग 1200 मीटर लंबे नए फुटपाथ के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई।
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि शहर में यातायात प्रबंधन को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।