
जयपुर/जमवारामगढ़। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही दूध और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ मिलावटखोरी की आशंका भी बढ़ जाती है। कस्बे में एक डेयरी से खरीदे दूध को गर्म करने पर उसमें असामान्य बदलाव देखने को मिला। दूध गर्म करते ही बर्तन में रखी चम्मच से रबड़ की तरह चिपकने लगा। दूध का स्वरूप गाढ़े और चिपचिपे पदार्थ जैसा हो गया। यह देखकर महिला हैरान रह गई।
महिला ने तत्काल दूध लेकर डेयरी पहुंच कर संचालक के समक्ष विरोध जताया और दूध की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। महिला ने इसकी जांच कराने की मांग भी की। घटना के बाद क्षेत्र में दूध की शुद्धता को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, दूध में मिलावट या किसी रसायन की मौजूदगी की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी। मिलावटी व केमिकल युक्त दूध का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है।
त्योहारी सीजन में दूध, मावा, पनीर और घी की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरी की आशंका भी बढ़ जाती है। मिलावटी और सिंथेटिक दूध तैयार करने में डिटर्जेंट, यूरिया, स्टार्च सहित विभिन्न हानिकारक पदार्थों का इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे पदार्थों की मौजूदगी स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से त्योहारों के मद्देनजर डेयरियों और दूध आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दूध के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाए।
साथ ही मावा, पनीर और घी की दुकानों पर भी नियमित निगरानी रखी जाए। मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं हो।