
जयपुर. जयपुर। जेएलएन मार्ग गुलाबी नगरी की सबसे खूबसूरत और प्रमुख सड़कों में से एक है। इस सड़क पर चलते समय लोगों को सिर्फ ट्रैफिक ही नहीं, बल्कि चारों तरफ हरियाली और खूबसूरत नजारे भी देखने को मिलते हैं। सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगे फूल-पौधे, दोनों तरफ खुली जगह और सड़क से पर्याप्त दूरी पर बनी इमारतें इसकी खूबसूरती को और बढ़ाती हैं। यही वजह है कि जेएलएन मार्ग को जयपुर की खास पहचान माना जाता है।
इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पहले किए गए छोटे-छोटे बदलावों से ही जाम की समस्या में काफी राहत मिली है। इसके बावजूद जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) अब इस सड़क पर करीब 500 करोड़ रुपए का बड़ा प्रोजेक्ट लाने की तैयारी में है। इसके लिए दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) से करीब 7.5 किलोमीटर लंबे मार्ग का प्लान तैयार करवाया गया है।
हैरान कर देने वाली बात यह है कि दो साल पहले राज्य सरकार ने खुद जेएलएन मार्ग की खूबसूरती को ध्यान में रखते हुए यहां एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव खारिज कर दिया था। सरकार के इस फैसले के करीब डेढ़ साल बाद जेडीए ने इसी मार्ग के लिए नया ट्रैफिक प्रोजेक्ट तैयार करवा लिया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब छोटे-छोटे सुधारों से ही यातायात व्यवस्था बेहतर हो रही है और सरकार पहले ही यहां एलिवेटेड रोड बनाने से इनकार कर चुकी है, तो फिर जेडीए 500 करोड़ रुपए के इतने बड़े प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने पर क्यों अड़ा हुआ है?
जेएलएन मार्ग पर ट्रैफिक सुधार के लिए पहले किए गए छोटे बदलावों से ही जाम से राहत है। पैदलयात्रियों के लिए पाथवे हैं।
वर्ष 2024 में अंबेडकर सर्किल से जवाहर सर्किल तक (जेएलएन मार्ग होते हुए) एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया था। इसकी डीपीआर की घोषणा भी बजट में की गई थी। दिसम्बर में सरकार ने प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया। अब जेडीए सड़क की एकरूपता तोड़ने की तैयारी में है।
जेएलएन मार्ग जयपुर की उन खास सड़कों में शामिल है, जहां सड़क के दोनों तरफ हरियाली, सुंदर डिवाइडर, इमारतों के बीच खुली जगह और साफ-सुथरा माहौल इसकी अलग पहचान बनाते हैं। रामनिवास बाग से जवाहर सर्किल तक फैला यह मार्ग शहर के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ कई बड़े शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और प्रमुख सरकारी व निजी संस्थानों को भी जोड़ता है। इसी वजह से यह सड़क जयपुर के लिए सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं, बल्कि शहर की खूबसूरती और पहचान का अहम हिस्सा भी है।