जयपुर

Amrit Bharat Train: राजस्थान को मिली दूसरी अमृत भारत ट्रेन की सौगात, इन-इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

Jodhpur–Mau Amrit Bharat Express Train: रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने राजस्थान को दूसरी अमृत भारत ट्रेन की सौगात दी है।
2 min read
Mar 16, 2026
Amrit Bharat Train
अमृत भारत ट्रेन। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर। रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने राजस्थान को दूसरी अमृत भारत ट्रेन की सौगात दी है। होली पर्व पर चलाई गई जोधपुर-मऊ-जोधपुर स्पेशल ट्रेन को रेलवे अब अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन के रूप में संचालित करेगा। ऐसे में प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी। बता दें कि राजस्थान की पहली अमृत भारत ट्रेन बिहार के दरभंगा से अजमेर के मदार स्टेशन तक संचालित है।

जानकारी के मुताबिक रेलवे ने जोधपुर-मऊ होली स्पेशल ट्रेन संख्या 04823/04824 को अब नियमित कर दिया है। होली पर्व समाप्त होने के बाद रेलवे ने अच्छे यात्रीभार को देखते हुए जोधपुर-मऊ ट्रेन का संचालन अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन जोधपुर से रविवार को और मऊ से मंगलवार को चलेगी। इस ट्रेन का नए नंबर 14809/14810 जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस के नाम से संचालन होगा। इसके लिए रेल मंत्रालय ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव

जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का राजस्थान के पीपर रोड जंक्‍शन, गोटन, मेड़ता रोड जंक्शन, रेन, डेगाना जंक्शन, मकराना जंक्शन, कुचामनसिटी, नावासिटी, फुलेरा जंक्शन, जयपुर जंक्शन, बांदीकुई जंक्शन, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर सहित यूपी मथुरा, कासगंज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़ स्टेशनों पर ठहराव होगा।

मदार-दरभंगा के बीच चलती है पहली अमृत भारत ट्रेन

बता दें कि राजस्थान में पहली अमृत भारत ट्रेन मदार (अजमेर) और दरभंगा (बिहार) के बीच चलती है। इस साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस रेलसेवा का संचालन पिछले साल 3 अक्टूबर को शुरू हुआ था। यह ट्रेन हर शुक्रवार को मदार से रात 9:25 बजे रवाना रविवार रात 12:45 बजे दरभंगा पहुंचती है। वापसी में यह ट्रेन हर रविवार को दरभंगा से सुबह 4:15 बजे रवाना होकर सोमवार दोपहर 1:20 बजे मदार पहुंचती है।

Updated on:
16 Mar 2026 07:44 pm
Published on:
16 Mar 2026 03:44 pm