
Jaipur : जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की पिटाई का मामला गरमा गया है। राजनीतिक गलियारों और जनता के बीच यह मामला सुर्खियां बन गया है। CJP और राजस्थान सरकार-भाजपा पार्टी के बीच आरोपों और प्रत्यारोपों का सिलसिला जारी है। CJP एक्टिविस्ट आशुतोष रांका के आरोपों पर बगरू से BJP विधायक कैलाश वर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, क्या आप कांग्रेस के एजेंट हैं? गांव में आने की हिम्मत कैसे हुई? क्या आप कोई नोटिस देकर आए हो?
BJP विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि इस घटना के होने के बाद मैं इस गांव में गया था। इस गांव की आस्था मेरे से जुड़ी हुई है। मुझे एक-दो बार नहीं तीन बार गांव वालों ने अपने पलकों पर बिठाया है। यह मेरा गांव है। यहां के लोगों के साथ मेरा गहरा रिश्ता है। विधायक कैलाश वर्मा ने सवाल करते हुए कहा कि गांव में जाऊंगा तो वहीं पर बैठकर ही बात करुंगा। मंदिर में बैठकर बात कर रहा हूं तो ये लोग बोल रहे हैं कि ये भाजपा विधायक के गुंडे हैं।
BJP विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि कुछ लोग गांव की ज़िंदगी की असलियत को समझे बिना, सिर्फ इंग्लिश-मीडियम स्कूलों और बड़े शहरों के नज़रिए से बातें करते हैं। सीएम भजन लाल ने राज्य में स्कूलों के विकास के लिए करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है और उन पर काम हो रहे हैं।
BJP विधायक कैलाश वर्मा ने CJP पर आरोप लगाते हुए कहा ये लोग कांग्रेस के साथ मिलकर षड्यंत्र रचकर विकास में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का आपने अल्टीमेटम दिया है, क्या ये ब्लैकमेलिंग है या दादागिरी। आपने एफआइआर दर्ज कराई है, हमारे गांव वालों ने भी एफआइआर दर्ज कराई है। कानून अपना काम करेगा, सच सामने आएगा। दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। आप डर क्यों रहे हो? हम तैयार हैं।
जयपुर में स्कूल निरीक्षण करने गई CJP की टीम पर हुए हमले को लेकर एक्टिविस्ट आशुतोष रांका ने कहा कि यह हमला पहले से तय था। इस हमले के लिए बाहर से लोगों को बुलाया गया था। आशुतोष रांका ने यह भी दावा किया कि जिन लोगों ने सुबह टीम के साथ मारपीट और गुंडागर्दी की, वे हमले से पहले वाली रात स्थानीय विधायक कैलाश वर्मा के साथ बैठे नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आशुतोष रांका ने बताया कि CJP ने सोशल मीडिया पर उन्हीं लोगों की तस्वीरें साझा की है, जिन्होंने मारपीट और हिंसा की थी।