Rajasthan Environment: मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में समिति की दूसरी बैठक। पर्यावरण संतुलन के लिए मजबूत विधेयक लाने की दिशा में मंथन।
Khejri Tree Conservation: जयपुर। राजस्थान के राज्य वृक्ष खेजड़ी के संरक्षण के लिए राज्य सरकार ने सख्त कानून बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में संसदीय कार्य एवं विधि मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में गठित समिति की दूसरी बैठक जयपुर स्थित राजकीय आवास पर आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित खेजड़ी संरक्षण अधिनियम के प्रारूप पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में वन एवं पर्यावरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, उद्योग राज्यमंत्री के.के. बिश्नोई, विधायक पब्बाराम बिश्नोई, पूर्व विधायक बिहारी लाल बिश्नोई सहित विधि विभाग के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान खेजड़ी वृक्षों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि खेजड़ी राजस्थान की संस्कृति, पर्यावरण और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मरुस्थलीय क्षेत्रों में यह वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ पशुधन के लिए चारा उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
बैठक में विभिन्न राज्यों में लागू वृक्ष संरक्षण कानूनों का तुलनात्मक अध्ययन भी प्रस्तुत किया गया। समिति की अगली बैठक 22 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रस्तावित विधेयक के प्रारूप को अंतिम रूप देने पर चर्चा की जाएगी।