जयपुर

Jaipur: भजन सम्राट लखबीर सिंह लक्खा की भजनों पर थिरका विद्याधर नगर स्टेडियम, भक्त हुए भावविभोर

जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में मुंबई से आए भजन सम्राट लखबीर सिंह लक्खा ने हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा.. भजन की प्रस्तुति दी तो माहौल भक्ति रस में डूब गया।
2 min read
Nov 09, 2025
Lakhbir Singh Lakkha
भजन प्रस्तुत करते लखबीर सिंह लक्खा (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। जय श्री श्याम का जयकारा लगाते भक्त, रंग बिरंगी रोशनी के बीच प्रेम मंदिर में विरजे लखदातार का गुणगान करते कलाकार, 56 भोग, इत्र और पुष्प वर्षा का नजारा। रविवार को यही माहौल विद्याधर नगर स्टेडियम में नजर आया। श्याममयी माहौल के बीच जब मुंबई से आए भजन सम्राट लखबीर सिंह लक्खा ने हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा.. भजन की प्रस्तुति दी तो माहौल भक्ति रस में डूब गया। श्री श्याम भक्त सेवा परिवार समिति की ओर से श्याम महोत्सव-2025 में हजारों श्रद्धालु उमड़े। जहां स्टेडियम भक्ति तीर्थ में तब्दील हो गया।

लखबीर सिंह लक्खा के प्रसिद्ध भजन मेरे शीश के दानी का… अरे द्वारपालों और श्याम चरणों में दे दो ठिकाना पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। हर ओर हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयकारे गूंजते रहे। राजू खंडेलवाल, पप्पू बेधड़क, महेंद्र स्वामी, दास महेंद्र, गोपाल सेन, निशा गोविन्द शर्मा, आशीष शर्मा, जय धमिजा ने भी अपने भजनों से माहौल को श्याममय बना दिया।

भजन में शामिल भक्त (फोटो-पत्रिका)

थीम रही खास

संरक्षक पवन डिडवानियां और अध्यक्ष निर्मल गुप्ता ने बताया कि भक्ति के बीच सौभाग्य का संगम कार्यक्रम में सात भक्तों का चयन लकी ड्रा के माध्यम से किया गया। विजेताओं को सोने के बाबा श्याम स्वरूप का चित्र सहित अन्य उपहार दिए गए। एक से बढ़कर एक फूलों की सजावट के बीच स्टेडियम में वृंदावन का प्रेम मंदिर देखने को मिला। थीम परंपरा से आधुनिकता की ओर रखी गई।

संत-महंतों ने दी हाजिरी

महासचिव डॉ. एस. पी. यादव और उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि महोत्सव में देश-प्रदेश के संत-महात्माओं ने भक्तों को अपने आशीर्वचन से धन्य किया। काले हनुमान जी मंदिर के महंत गोपाल दास, स्वामी बालमुकुन्दाचार्य, योगी बालकनाथ (महंत अबोहर अस्थल, विधायक तिजारा), स्वामी अवधेशाचार्य, पं. राजकुमार चर्तुवेदी महेंद्र सिंह चौहान (मुख्य पुजारी, खाटूधाम), रविशंकर पुजारी (सालासर धाम), पं. पंकज मिश्रा मौजूद रहे।

लखबीर सिंह लक्खा ने कहा कि जब हृदय में सच्ची निष्ठा और प्रेम हो, तो भगवान स्वयं भक्त के पास आ जाते हैं। भक्ति केवल शब्द नहीं, बल्कि आत्मा का वह कंपन है जो सीधे श्याम के चरणों तक पहुंचता है। भक्त और भगवान का रिश्ता कोई तर्क नहीं, एक अनुभव है। भक्त हैं तो भगवान हैं और भक्ति में ही शक्ति है।

भक्तों के लिए विशेष सुविधा

भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, प्रसाद वितरण, पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई। कोषाध्यक्ष सुभाष मित्तल, सचिव धर्मेंद्र व्यास और सचिव कैप्टन महेन्द्र यादव ने बताया कि शहरभर से भक्तों की भीड़ देर रात तक नजर आई। उपाध्यक्ष अनिल शर्मा और मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में समिति के सभी पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संजय जोशी, मनीष शर्मा, श्रवण सैनी, प्रकाश मित्तल, डॉ. संजय खंडेलवाल, वैद्य भोमराज जाखड़, डॉ. महेन्द्र ढाका, अरविन्द शेखावत, गोपाल साबू, सावित्री चौधरी, भवानी शर्मा मौजूद रहे।

Updated on:
09 Nov 2025 10:13 pm
Published on:
09 Nov 2025 10:12 pm