बिंदायका इलाके में देर रात पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान सिरसी में मामा फिलिंग स्टेशन पर बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया।
जयपुर। बिंदायका इलाके में देर रात पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। सिरसी में मामा फिलिंग स्टेशन पर बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया। इस दौरान पंप कर्मचारियों ने एक आरोपी को मौके पर दबोच लिया। वहीं दूसरा आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना देर रात करीब दो बजकर 45 मिनट पर हुई। इसके बाद तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस करीब डेढ़ घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची।
थानाधिकारी विनोद वर्मा ने बताया कि पुलिस वारदात के कुछ देर बाद ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी। वहीं पंप मालिक जगदीश शर्मा का कहना है कि पुलिस सुबह करीब साढ़े चार बजे आई थी। पुलिस करीब डेढ़ घंटा देरी से घटनास्थल पर पहुंची।
थानाधिकारी वर्मा ने बताया कि पेट्रोल पंप पर कोई लूट नहीं हुई है। पंप मालिक की ओर से लूट की गलत जानकारी दी जा रहीं है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीं है। एक आरोपी हर्ष यादव को हिरासत में लिया गया है। जिससे पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं कार का नंबर कुचामन का है। ऐसे में कुचामन पुलिस से संपर्क किया गया है। दूसरे आरोपी की भी तलाश जारी है।
पेट्रोल पंप मालिक जगदीश शर्मा ने बताया कि देर रात कार सवार दोनों बदमाशों ने पहले पंप के बाहर कुछ देर तक स्टंट किया। इसके बाद बोतल लेकर पंप कर्मचारियों के पास आए। पंप कर्मचारियों ने बोतल में पेट्रोल देने से मना किया तो उनसे झगड़ा किया। इसके बाद बदमाशों ने कार को तेज रफ्तार में दौड़ाकर कर्मचारियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने जैसे तैसे अपनी जान बचाई। बदमाशों ने 48 हजार रुपए कर्मचारियों से छीन लिए। इस दौरान एक बदमाश को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। दूसरा बदमाश कार लेकर भाग गया।