जयपुर

Rajasthan Mayor Nominations: भीलवाड़ा में BJP की जसवंत कंवर का महापौर बनना तय, भरतपुर में निर्दलीय तय करेंगे किसका बनेगा बोर्ड

राजस्थान की 305 निकायों में मेयर, सभापति और अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन रहा। दोपहर 3 बजे तक भाजपा, कांग्रेस समेत कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए।
8 min read
Sep 16, 2026
Jaswant Kanwar
नामांकन भरने नगर निगम पहुंची भाजपा प्रत्याशी जसवंत कंवर। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान की 305 निकायों में मेयर, सभापति और अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन रहा। दोपहर 3 बजे तक भाजपा, कांग्रेस समेत कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। भीलवाड़ा में भाजपा की जसवंत कंवर का महापौर बनना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस ने खुद को महापौर की रेस से बाहर कर लिया। वहीं, भरतपुर में किसका बोर्ड बनेगा, यह निर्दलीय ही तय करेंगे। बीकानेर में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अनिल कल्ला के सामने पार्टी के ही नवरतन डागा ने नामांकन दाखिल कर बगावत के संकेत दिए हैं। अजमेर, उदयपुर, पाली समेत कई निकायों में भी प्रत्याशियों के नाम सामने आने के साथ मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है।

बता दें कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को सुबह 11 बजे होगी। वहीं, 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी। इसके बाद मेयर चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट होगी। अध्यक्ष के लिए मतदान 21 सितंबर और उपाध्यक्ष के चुनाव 22 सितंबर को होगा।

कोटकासिम नगरपालिका चुनाव 2026: भाजपा प्रत्याशी रेखा सैनी निर्वरोध निर्वाचित

कोटकासिम नगरपालिका चुनाव 2026 में भाजपा प्रत्याशी रेखा सैनी ने निर्विरोध अध्यक्ष पद हासिल किया है। उनके सामने अध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेखा सैनी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। रेखा सैनी ने नगरपालिका के वार्ड 10 से चुनाव जीता था।

Bhilwara Mayor Election: भीलवाड़ा में BJP की जसवंत कंवर का महापौर बनना तय

भीलवाड़ा नगर निगम की पहली महापौर भाजपा की जसवंत कंवर होगी। कांग्रेस की तरफ से 70 में से महज 10 सीट होने से नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। भाजपा की ही एक बागी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में कुल दो नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। जिसके चलते भाजपा प्रत्याशी की जीत पक्की मानी जा रही है।

Bhilwara Mayor Election: बीजेपी ने जसवंत कंवर को बनाया महापौर प्रत्याशी

भीलवाड़ा में बीजेपी ने जसवंत कंवर को महापौर प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा प्रत्याशी जसवंत कंवर ने आज नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी सहित भाजपा कई नेता मौजूद रहे।

Sirohi Nagar Parishad Chairman Nominations: कांग्रेस ने रितु जैन को बनाया प्रत्याशी

सिरोही नगर परिषद सभापति पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने सभापति पद के लिए रितु जैन को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने रितु जैन के नाम का ऐलान किया। प्रत्याशी के नाम की घोषणा के साथ ही अब सभापति पद के मुकाबले की तस्वीर साफ होने लगी है और सभी की नजरें चुनावी गणित पर टिक गई हैं।

Gharsana Municipality Municipality chairman Nominations: भाजपा ने निर्दलीय पार्षद को बनाया चेयरमैन पद का प्रत्याशी

श्रीगंगानगर जिले की घड़साना नगरपालिका में चेयरमैन पद के लिए कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 5 से निर्वाचित पार्षद ज्योति मेघवाल ने एसडीएम दीपक चंदन के समक्ष नामांकन दाखिल किया। वहीं, भाजपा ने निर्दलीय पार्षद निर्मला देवी को पार्टी में शामिल कर चेयरमैन पद के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है। निर्मला देवी ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है।

Jhunjhunu Nagar parishad Nominations Live: BJP ने मुकेश रावत के नाम पर लगाई मुहर

झुंझुनूं नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव नतीजों के बाद अब सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है। बीजेपी ने मनु धनखड़ को सभापति पद का दावेदार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने अब्दुल्ला अगवान पर दांव खेला है। बता दें कि झुंझुनूं नगर परिषद के 30 वार्डों में कांग्रेस, 15 में भाजपा और 15 में निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है।

Banswara Nagar parishad Nominations: BJP ने मुकेश रावत के नाम पर लगाई मुहर

बांसवाड़ा नगर परिषद में सभापति पद को लेकर भाजपा ने अपना प्रत्याशी तय कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने कर्मठ और जुझारू नेता मुकेश रावत के नाम पर मुहर लगाई है। इसके साथ ही सभापति पद के चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर साफ होने लगी है।

Dungarpur Council Nominations: कांग्रेस से एक और भाजपा से 2 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा

डूंगरपुर नगरपरिषद में सभापति पद के लिए कांग्रेस से एक और भाजपा से 2 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। भाजपा से पूर्व जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रभु पण्ड्या ने नामांकन भरा है। उनके बाद में भाजपा से पूर्व सभापति और स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर केके गुप्ता की पत्नी सुशीला गुप्ता ने भी नामांकन पेश किया है। ऐसे में भाजपा में प्रभु पंड्या और सुशीला गुप्ता के बीच कड़ी मशक्कत देखी जा रही है।

Sawai Madhopur Council Nominations: सभापति पद के लिए कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशी ने भरा पर्चा

सवाई माधोपुर नगर परिषद में सभापति की कुर्सी को लेकर मुकाबला तय हो गया है। नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस की शैलेंद्र चौधरी और भाजपा के मेवा चौधरी ने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

Dausa Municipal Council Nominations: सभापति पद के लिए मुकाबला हुआ रोचक

दौसा नगर परिषद में सभापति पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है। नामांकन के अंतिम दिन दोनों दलों ने ओबीसी महिला सीट पर गुर्जर समाज की पार्षदों को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने वार्ड 6 की कविता गुर्जर को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 54 की रेखा गुर्जर पर दांव लगाया है। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही सभापति पद के लिए सियासी मुकाबला रोचक हो गया है। 55 सदस्यीय नगर परिषद में कांग्रेस के 24, भाजपा के 17 और 14 निर्दलीय पार्षद हैं। ऐसे में किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है। सभापति की कुर्सी तक पहुंचने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों को निर्दलीय पार्षदों के समर्थन की जरूरत होगी।

Nagaur Municipal Council Nominations: भाजपा की संतोष टाक ने भरा पर्चा

नागौर नगर परिषद के सभापति पद के लिए भाजपा की संतोष टाक ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, कांग्रेस की ओर से दीपक सैनी ने पर्चा भरा।

Sikar Municipal Council Nominations: कांग्रेस ने खतीजा बानो और भाजपा ने कंचन खड़ोलिया को बनाया सभापति उम्मीदवार

सीकर नगर परिषद के सभापति पद के लिए कांग्रेस से खतीजा बानो और भाजपा से कंचन खड़ोलिया ने नामांकन दाखिल किया है। खतीजा बानो पूर्व सभापति जीवण खां की पत्नी हैं। वार्ड 16 से पार्षद हैं। वहीं, कंचन खड़ोलिया वार्ड 28 से पार्षद हैं। चुनाव से पहले ही दोनों पार्टियों से सभापति के उम्मीदवार के रूप में ये दोनों नाम चल रहे थे।

Baran Municipal Council Nominations: भाजपा से निलेश और कांग्रेस से मीनाक्षी ने भरा पर्चा

बारां नगर परिषद में सभापति पद के लिए भाजपा की निलेश जैन और कांग्रेस की मीनाक्षी भारद्वाज ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं, आम आदमी पार्टी की ओर से शीतल ने पर्चा भरा है। बारां नगर परिषद के कुल 60 वार्डों में से AAP के 31 पार्षद जीते हैं। इस तरह AAP को स्पष्ट बहुमत मिला है। कांग्रेस के 18, भाजपा के 9 और 2 निर्दलीय पार्षद भी चुनाव जीते हैं।

Alwar Mayor Nominations: बीजेपी की सुमनलता अग्रवाल ने भरा नामांकन

अलवर नगर निगम में मेयर पद के लिए बीजेपी की सुमनलता अग्रवाल ने नामांकन दाखिल किया। सुमनलता अग्रवाल पूर्व नगर परिषद सभापति अजय अग्रवाल की पत्नी हैं। इस दौरान चुनाव प्रभारी रामचरण बोहरा, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, वन मंत्री संजय शर्मा सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

Etawah Municipality chairman Nominations: कांग्रेस से निकिता और भाजपा की निर्मला ने नामांकन दाखिल किया

कोटा जिले की इटावा नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की निर्मला नागर ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं, कांग्रेस की ओर से निकिता पारेता ने नामांकन भरा है। दोनों ने निर्वाचन अधिकारी दामोदर सिंह को अपने आवेदन सौंपे।

Udaipur Mayor Nominations: कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी होंगी किरण गढ़वाल

उदयपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए आखिरकार बीजेपी ने पारस सिंघवी के नाम पर मुहर लगा दी है। बता दें कि पारस सिंघवी वर्तमान में शहर महामंत्री है। वे पिछले बोर्ड में डिप्टी मेयर थे। भाजपा में मेयर पद के प्रत्याशी पारस सिंघवी नामांकन भरने पहुंचे तो भावुक हो गए। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूनम कुंवर ने मेयर के लिए पर्चा दाखिल किया।

Pali Mayor Nominations: कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी होंगी किरण गढ़वाल

पाली नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा ने नमीता बुबकिया को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, भाजपा से बागी हुई कुसुम सोनी ने भी नामांकन भरा है। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से सुमित्रा जैन और राजबाला हिंगड़ ने मेयर पद के लिए पर्चा भरा है।

Ajmer Mayor Nominations: कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी होंगी किरण गढ़वाल

अजमेर नगर निगम में मेयर पद के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवार का एलान कर दिया है। कांग्रेस ने किरण गढ़वाल मेयर प्रत्याशी बनाया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार जयपाल खुद किरण गढ़वाल को नामांकन दाखिल कराने के लिए नगर निगम लेकर पहुंचे। नामांकन से पहले किरण गढ़वाल ने गणेशजी के दर्शन कर धोक लगाई।

Ajmer Mayor Election: अजमेर में अनामिका शर्मा होंगी भाजपा की मेयर प्रत्याशी

अजमेर में नगर निगम के 80 वार्डों के नतीजे सामने आने के बाद अब मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज है। भाजपा ने अनामिका शर्मा को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। अनामिका ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। लेकिन, अभी तक कांग्रेस ने मेयर पद के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। फिलहाल, रश्मि शर्मा व रश्मि हिंगोरानी के नाम पर चर्चा चल रही है।

अनिल कल्ला से पहले नवरत्न डागा ने दाखिल किया नामांकन।

बीकानेर में मेयर पद को लेकर कांग्रेस में बगावत

बीकानेर नगर निगम में मेयर पद को लेकर कांग्रेस के भीतर सियासी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस की ओर से अनिल कल्ला को मेयर पद का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब पार्टी के ही विजयी पार्षद नवरतन डागा ने नामांकन दाखिल कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अनिल कल्ला के नामांकन से पहले नवरतन डागा नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान डागा ने साफ कहा कि वह कांग्रेस की तरफ से ही मेयर पद का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने इसे परिवारवाद के खिलाफ जंग बताते हुए पार्टी नेतृत्व पर सवाल भी उठाए। डागा ने कहा कि “यह जंग परिवारवाद के खिलाफ है। आखिर कब तक कांग्रेस का कार्यकर्ता इसे सहन करेगा?” उनके इस बयान के बाद बीकानेर कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस ने मेयर पद के लिए अनिल कल्ला को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। वहीं, अब नवरतन डागा के नामांकन दाखिल करने से चुनाव में कांग्रेस के दो चेहरे आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं।

चूरू नगर परिषद: भाजपा के विनय कुमार गोयनका ने भरा पर्चा

चूरू नगर परिषद सभापति पद के लिए भाजपा के विनय कुमार गोयनका ने नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान विधायक हरलाल सहारण, वार्ड 19 के पार्षद नरेंद्र सैनी सहित कई पार्षद मौजूद रहे।

फतेहपुर नगरपालिका: घनश्याम तिवाड़ी की बहन अंजू भिंडा ने भरा पर्चा

सीकर जिले की फतेहपुर नगरपालिका से राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी की बहन अंजू भिंडा ने अध्यक्ष पद के लिए नामां​कन दाखिल किया। बता दें कि अंजू भिंडा निर्दलीय चुनाव जीता था। अब उन्होंने भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल किया है।

पोकरण नगरपालिका: कांग्रेस की कल्पना रंगा व भाजपा की शोभा व्यास ने भरा नामांकन

पोकरण नगरपालिका अध्यक्ष के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन, कांग्रेस से कल्पना रंगा व भाजपा से शोभा व्यास ने नामांकन करवाया जमा

जैसलमेर: भाजपा के विजय डांगरा ने भरा नामांकन

जैसलमेर में सभापति की कुर्सी पर भाजपा का दावा मजबूत माना जा रहा है, पार्षदों के साथ विजय डांगरा ने भरा नामांकन, नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ पहुंचे डांगरा, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन

भीलवाड़ा: महापौर और पालिकाध्यक्षों के नामों पर लगी मुहर, अब जीत का इंतजार

भीलवाड़ा नगर निगम के साथ ही दस नगर पालिकाओं में महापौर व अध्यक्षों के नाम के पत्ते खुल गए है। भाजपा व कांग्रेस ने जयपुर में आलाकमान से मिली हरी झंडी के बाद प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। सभी प्रत्याशी दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्र पेश कर देंगे। भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा ने महिला वर्ग में बड़ी जीत के साथ आई जसवंत कंवर को प्रत्याशी बनाया है।

भरतपुर नगर निगम में भाजपा की ओर से अनुराधा सिंह एवं प्रेमपाल ने भरा नामांकन। फोटो: पत्रिका

भरतपुर से निर्दलीय विचित्रा सिंह ने मेयर पद के लिए किया नामांकन

भरतपुर नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मेयर पद के लिए विचित्रा सिंह ने नामांकन भरा। इस दौरान उनके साथ पति पूर्व सभापति एवं मेयर शिव सिंह भोट, शहर कांग्रेस शहर अध्यक्ष दयाचंद पचौरी, योगेंद्र सिंह ठाकुर, संजय शुक्ला सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की ओर से अनुराधा सिंह एवं प्रेमपाल ने नामांकन भरा। भाजपा की ओर से अनुराधा सिंह मेयर की रेस में सबसे आगे बताई जा रही है।

अजमेर: भाजपा से अनामिका शर्मा मेयर प्रत्याशी

अजमेर मेयर पद को लेकर भाजपा तैयारी में जुट गई है। वार्ड 3 की प्रत्याशी अनामिका शर्मा प्रत्याशी घोषित किया हैं। इसको लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। जिलाध्यक्ष रमेश सोनी के साथ नामांकन के लिए पहुंची।

पाली: कांग्रेस की दो पार्षदों ने महापौर के लिए भरा पर्चा

पाली निगम में कांग्रेस से विजेता राजबाला हिंगड़ महापौर पद का नामांकन भरने के लिए पहुंची। वहीं, कांग्रेस की ही प्रत्याशी सुमित्रा जैन भी कांग्रेस से जीते पार्षद भंवर राव और निर्दलीय जीते नजमा शहजाद शेख के साथ नामांकन भरने के लिए पहुंची। खास बात ये रही कि कांग्रेस की दोनों ही पार्षदों ने महापौर के लिए पर्चा दाखिल किया है।